इलेक्शन

Bengal Election 2026: नतीजों के बाद BJP-TMC में किसे चुनेंगे? हुमायूं कबीर ने बता दी 'मन की बात'; सीएम बनने का भी किया दावा

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच टाइम्स नाउ नवभारत से आम जनता उन्नयन पार्टी के नेता और AIMIM के सहयोगी हुमायूं कबीर ने खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने मालदा हिंसा से लेकर मुख्यमंत्री पद के दावे तक कई बातें कीं।

Image

हुमायूं कबीर। तस्वीर-Facebook

Bengal Election 2026: आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। भाजपा और टीएमसी के बीच मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है। इस बीच टाइम्स नाउ नवभारत से एक्सक्लूसिव बातचीत में हुमायूं कबीर ने चुनाव नतीजों के बाद अपने भविष्य को लेकर बड़ा खुलासा किया है। साथ ही उन्होंने ममता बनर्जी और टीएमसी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इस दौरान बंगाल के चुनावी माहौल और हालिया मालदा हिंसा पर भी तीखी चर्चा हुई।

मालदा हिंसा पर ममता बनर्जी को घेरा

टाइम्स नाउ नवभारत के सुमित अवस्थी ने हुमायूं कबीर से बातचीत की शुरुआत मालदा हिंसा से की। जब उनसे पूछा गया कि बीते दो दिनों से मालदा की सिचुएशन पर देश भर में हंगामा है। जो कुछ हुआ मालदा में उसके लिए कौन जिम्मेदार है? इस पर हुमायूं कबीर ने साफ कहा कि ममता बनर्जी इस हिंसा की जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि ममता अभी भी मुख्यमंत्री और पुलिस मंत्री हैं। कानून-व्यवस्था संभाल नहीं पा रहीं तो इस्तीफा दे दें।

‘मास्टरमाइंड’ मुफीजुल इस्लाम पर सवाल, AIMIM लिंक से पल्ला झाड़ा

आगे जब उनसे कहा गया कि मालदा हिंसा का आरोपी मुफीजुल इस्लाम AIMIM से जुड़ा नेता है और वह एमआईएम के टिकट पे चुनाव लड़ चुका। उसको बागडोगरा से सीआईडी ने उठाया। अब यह इल्जाम आप पर और आपके अलायंस पर लग रहा है कि आप लोगों ने मालदा की सिचुएशन खराब की। चुनाव आयोग के अधिकारियों के साथ आप लोगों ने बदतमीजी की।

SIR प्रक्रिया और मुसलमानों की दिक्कतों पर निशाना

इस बातचीत के दौरान कबीर ने चुनाव आयोग की चल रही SIR प्रक्रिया को गलत करार दिया। उन्होंने दावा किया कि इतने बड़े राज्य में इसे गलत तरीके से लागू किया जा रहा है और मुसलमान सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने ममता बनर्जी पर भी हमला बोला उन्होंने कहा कि वे कहती हैं SIR नहीं मानेंगी, लेकिन उन्हीं ने 80,000 बीएलओ की नियुक्ति कर इसे लागू कराया।

‘मैं बनूंगा बंगाल का मुख्यमंत्री’, 130 सीटों का दावा

वार्ता के दौरान हुमायुं कबीर ने साफ कहा कि वे ही बंगाल के अगले मुख्यमंत्री बनेंगे। ओवैसी भी यही चाहते हैं। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी 130 सीट जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनेगी, जबकि भाजपा 100 से कम सीटों पर रुक जाएगी। वहीं, उन्होंने संभावना जताते हुए कहा कि इन चुनावों में टीएमसी 70 से नीचे चली जाएगी। उन्होंने अभिषेक बनर्जी को दो सीटों से 50,000 से अधिक वोटों से हराने का दावा भी किया और मुर्शिदाबाद में टीएमसी का ‘सूपड़ा साफ’ करने की बात कही।

कुर्सी के लिए BJP–TMC दोनों से समर्थन लेने को तैयार

जब पूछा गया कि अगर बहुमत नहीं मिला तो क्या वे BJP को सपोर्ट करेंगे? इस पर कबीर ने कहा कि हम किसी को समर्थन नहीं देंगे। बल्कि सरकार बनाने के लिए दूसरों से समर्थन लेंगे। उन्होंने नीतीश कुमार का उदाहरण देते हुए कहा कि जो भी लिखित समर्थन देगा, वे उसी के सहारे सरकार बनाएंगे, चाहे BJP हो या TMC।

अंतिम सवाल पर भागे कबीर, बोले- दादा हम पारबो ना

वहीं, जब उनसे पूछा गया कि चुनाव के बाद वे बीजेपी या टीएमसी में से किसका समर्थन करेंगे, तो हुमायूं कबीर ने स्पष्ट जवाब देने से परहेज किया। उन्होंने बस इतना कहा कि 4 मई के बाद जो भी उन्हें कुर्सी के लिए समर्थन देगा, वे उसी के साथ जाएंगे। वहीं, जब जोर देकर उनसे पूछा गया कि 4 मई के बाद उनका मेन 'दुश्मन' कौन होगा, तो हुमायूं कबीर बार-बार टालते रहे और फिर अचानक बंगाली में 'दादा, हम पारबो ना' (मैं यह नहीं कह सकता) बोलकर बीच में ही छोड़कर चले गए।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article