इलेक्शन

ADR Report: जिन 324 सांसदों को दोबारा से मिला है लोकसभा चुनाव का टिकट, उनकी संपत्ति में हुई है औसतन 43 प्रतिशत की वृद्धि

ADR Report: रिपोर्ट के अनुसार, प्रमुख दलों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दोबारा चुनाव लड़ रहे 183 सांसदों की औसत संपत्ति में 39.18 प्रतिशत (18.40 करोड़ रुपये से 25.61 करोड़ रुपये) की वृद्धि देखी गई।

Image

दोबारा चुनाव लड़ रहे सांसदों की संपत्ति में कई प्रतिशत की वृद्धि (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : PTI

ADR Report: एडीआर की रिपोर्ट में दोबारा से चुनाव लड़ रहे सांसदों को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है। पता चला है कि दोबारा चुनाव लड़ रहे 300 से ज्यादा सांसदों की संपत्ति में कई प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

कितनी बढ़ी सांसदों की संपत्ति

फिर से चुनावी मैदान में उतरे 324 सांसदों की संपत्ति में पिछले पांच वर्ष में औसतन 43 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, 2019 में इन सांसदों की औसत संपत्ति लगभग 21.55 करोड़ रुपये थी, जबकि मौजूदा चुनावी चक्र में औसत संपत्ति मूल्य "महत्वपूर्ण" रूप से बढ़कर 30.88 करोड़ रुपये हो गया है, जो पिछले पांच वर्षों में 9.33 करोड़ रुपये की वृद्धि को दर्शाता है।

बीजेपी कांग्रेस के सांसदों की संपत्ति

रिपोर्ट के अनुसार, प्रमुख दलों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दोबारा चुनाव लड़ रहे 183 सांसदों की औसत संपत्ति में 39.18 प्रतिशत (18.40 करोड़ रुपये से 25.61 करोड़ रुपये) की वृद्धि देखी गई। वहीं, कांग्रेस के दोबारा चुनाव लड़ रहे 36 सांसदों की संपत्ति में 48.76 प्रतिशत (44.13 करोड़ रुपये से 65.64 करोड़ रुपये) की वृद्धि हुई है।

बाकी पार्टियों के सांसदों का हाल

दोबारा चुनाव लड़ रहे द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के 10 सांसदों की संपत्ति में 19.96 प्रतिशत (30.93 करोड़ रुपये से 37.10 करोड़ रुपये), शिवसेना के आठ सांसदों की संपत्ति में 48.13 प्रतिशत (19.77 करोड़ रुपये से 29.28 करोड़ रुपये), समाजवादी पार्टी (सपा) के पांच सांसदों की संपत्ति में 20.53 प्रतिशत (20.56 करोड़ रुपये से 24.78 करोड़ रुपये) और युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के आठ सांसदों की संपत्ति में 84.13 प्रतिशत (28.66 करोड़ रुपये से 52.78 करोड़ रुपये) की वृद्धि हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, दोबारा चुनाव लड़ रहे तृणमूल कांग्रेस के 16 सांसदों की संपत्ति में औसत वृद्धि 53.84 प्रतिशत (15.69 करोड़ रुपये से 24.15 करोड़ रुपये), जनता दल (यूनाइटेड) के 11 सांसदों की संपत्ति में 35.54 प्रतिशत (4.55 करोड़ रुपये से 6.17 करोड़ रुपये), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के एक सांसद की संपत्ति में 14.34 प्रतिशत (12 करोड़ रुपये से 14 करोड़ रुपये), भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के तीन सांसदों की संपत्ति में 52.94 प्रतिशत (38 करोड़ रुपये से 59 करोड़ रुपये) और राकांपा (शरद चंद्र पवार) के तीन सांसदों की संपत्ति में 21.05 प्रतिशत (48 करोड़ रुपये से 58 करोड़ रुपये) तथा जनता दल (सेक्युलर) के एक सांसद की संपत्ति में 317 प्रतिशत (9 करोड़ रुपये से 40 करोड़ रुपये) की वृद्धि हुई है।

एजेंसी इनपुट के साथ

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article