इलेक्शन

असम चुनाव : कांग्रेस की चौथी सूची में 7 उम्मीदवार, रायजोर दल के लिए छोड़ीं 11 सीटें, हिमंता को टक्कर देंगे बिदिशा नियोग

कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति ने विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों का चयन किया है। तिताबर से निवर्तमान विधायक भास्कर बरुआ की जगह प्राण कुर्मी को लिया गया है। जोरहाट निर्वाचन क्षेत्र से सटे तिताब से कांग्रेस की असम इकाई के प्रमुख गौरव गोगोई चुनाव लड़ रहे हैं।

Image

असम में हैं विधानसभा की 126 सीटें।

Photo : PTI

Assam Assembly Election 2026 : कांग्रेस ने असम में नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सात उम्मीदवारों की अपनी चौथी सूची शुक्रवार को जारी कर दी। सूची में एक मौजूदा विधायक का नाम हटा दिया गया है जबकि गठबंधन सहयोगी रायजोर दल के लिए 11 सीट छोड़ी गई हैं। कांग्रेस 126 सदस्यीय असम विधानसभा चुनाव के लिए कुल 94 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। पार्टी छह दलों के गठबंधन का हिस्सा है। पार्टी ने इससे पहले घोषणा की थी कि वह अपने सहयोगियों के लिए 15 सीट छोड़ेगी।

बिस्वा के सामने बिदिशा नियोग

कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति ने विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों का चयन किया है। तिताबर से निवर्तमान विधायक भास्कर बरुआ की जगह प्राण कुर्मी को लिया गया है। जोरहाट निर्वाचन क्षेत्र से सटे तिताब से कांग्रेस की असम इकाई के प्रमुख गौरव गोगोई चुनाव लड़ रहे हैं। यह क्षेत्र पारंपरिक रूप से गोगोई परिवार का गढ़ रहा है और पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई भी इससे पहले इसका प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। पार्टी ने जालुकबारी में मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा को टक्कर देने के लिए बिदिशा नियोग को नामित किया है।

राज्य के एनएसयूआई अध्यक्ष जॉय प्रकाश दास नोबोइचा से चुनाव लड़ेंगे, जबकि उदलगुरी जिला युवा कांग्रेस प्रमुख रोहित परिगा टांगला से चुनाव लड़ेंगे। महमोरा से ज्ञानदीप मोहन को मैदान में उतारा गया है। घोषित किए गए अन्य उम्मीदवारों में बिश्वनाथ से जयंत बोरा और हैलाकांडी से राहुल रॉय के नाम शामिल हैं। गठबंधन सहयोगियों में रायजोर दल के लिए छोड़ी गई सीट में मानस, जलगांव, थिंग, कालियाबोर, तेजपुर, सिसिबारगांव, मार्गेरिटा, डिगबोई, शिवसागर, मरियानी और बोकाखात शामिल हैं।

22 उम्मीदवारों की अपनी तीसरी सूची जारी की

कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को असम विधानसभा चुनाव के लिए 22 उम्मीदवारों की अपनी तीसरी सूची जारी की थी, जिसमें चार मौजूदा विधायक हैं। उनमें से दो प्रदेश इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष हैं। कांग्रेस, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), असम जातीय परिषद और भाकपा (मार्क्सवादी लेनिनवादी) लिबरेशन समेत विपक्षी दलों के गठबंधन का नेतृत्व कर रही है। रायजोर दल के साथ बातचीत अभी जारी है। कांग्रेस ने तीन मार्च को 42 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची और शनिवार को 23 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की थी।

सहयोगियों के लिए कांग्रेस ने छोड़ी 15 सीट

पार्टी ने असम में अपने गठबंधन सहयोगियों के लिए 15 सीट छोड़ी हैं। पहली दो सूचियों में शामिल उम्मीदवारों में कांग्रेस की असम इकाई के प्रमुख गौरव गोगोई का जोरहाट से, विधानसभा में विपक्ष के नेता देबब्रत सैकिया का नाजिरा से और प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के पूर्व अध्यक्ष रिपुन बोरा का बरचल्ला से नाम शामिल है। कांग्रेस 2016 से इस पूर्वोत्तर राज्य में सत्ता से बाहर है, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार लगातार तीसरी बार सत्ता में आने की कोशिश करेगी।

सत्तारूढ़ भाजपा के 64 विधायक

निवर्तमान विधानसभा में सत्तारूढ़ भाजपा के 64 विधायक हैं, जबकि उसके सहयोगी असम गण परिषद (अगप) के नौ विधायक, यूपीपीएल के सात और बीपीएफ के तीन विधायक हैं। विपक्ष में कांग्रेस के 26 विधायक, एआईयूडीएफ के 15 विधायक और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के एक विधायक हैं। एक निर्दलीय विधायक भी हैं। असम विधानसभा की 126 सीट के लिए चुनाव नौ अप्रैल को होंगे। मतों की गिनती चार मई को होगी।

(एजेंसी इनपुट)

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article