Assam Election 2026: आज 9 अप्रैल को असम विधानसभा चुनाव हो रहे हैं, सुबह 7 बजे से वोटिंग जारी है लेकिन मतदान शुरू होने के महज कुछ घंटे पहले ही कांग्रेस पार्टी को एक बड़ा झटका लगा है। उदलगुड़ी (Udalguri) विधानसभा सीट से कांग्रेस के आधिकारिक उम्मीदवार सुरेन दैमरी ने वोटिंग से 24 घंटे पहले पार्टी छोड़ने और चुनावी दौड़ से हटने का सनसनीखेज ऐलान कर दिया।
सुरेन दैमरी ने लगाए गंभीर आरोप
बुधवार को मीडिया के सामने अपनी व्यथा रखते हुए सुरेन दैमरी ने कांग्रेस नेतृत्व पर उपेक्षा और विश्वासघात के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, "कांग्रेस में रहने का अब कोई फायदा नहीं है। पार्टी केवल एक विशेष समुदाय के हितों के लिए काम कर रही है और मेरे जैसे अनुसूचित जनजाति (ST) के उम्मीदवारों की पूरी तरह अनदेखी की गई है।" दैमरी ने दावा किया कि टिकट मिलने के बाद पार्टी ने उन्हें प्रचार में कोई सहयोग नहीं दिया और बार-बार फोन करने के बावजूद बड़े नेताओं ने उनसे बात तक नहीं की।
पार्टी ने कहा- अभी नहीं मिला इस्तीफा
दूसरी ओर, कांग्रेस इस स्थिति को संभालने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस प्रवक्ता बेदब्रत बोरा ने स्पष्ट किया कि दैमरी ने केवल मीडिया के सामने बयान दिया है, लेकिन अभी तक पार्टी को अपना औपचारिक त्यागपत्र नहीं सौंपा है। हालांकि, चुनाव से ऐन पहले उम्मीदवार के इस कदम ने जमीनी स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं के मनोबल को प्रभावित किया है।
EVM में है नाम
मतदाताओं के बीच पैदा हुए भ्रम को दूर करते हुए निर्वाचन आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सुरेन दैमरी का नाम ईवीएम (EVM) में बना रहेगा। अधिकारी के अनुसार, नामांकन वापस लेने की समय सीमा बहुत पहले समाप्त हो चुकी है और बैलेट यूनिट्स पहले ही तैयार की जा चुकी हैं। मतदान कर्मी केंद्रों पर पहुंच चुके हैं, इसलिए तकनीकी रूप से अब नाम वापस नहीं लिया जा सकता। लोग कल भी उनके नाम के आगे वाला बटन दबाकर वोट दे सकेंगे।
उदलगुड़ी सीट का समीकरण
उदलगुड़ी सीट पर अब मुकाबला रोचक हो गया है। दैमरी के हटने (घोषणा के तौर पर) के बाद अब मुख्य मुकाबला भाजपा की सहयोगी बीपीएफ (BPF) के रिहोन दैमरी, यूपीपीएल (UPPL) के दिपेन बोरो और वोटर्स पार्टी इंटरनेशनल के उनीके बसुमतारी के बीच माना जा रहा है। बता दें कि 126 सदस्यीय असम विधानसभा के लिए आज मतदान हो रहा है, जिसके नतीजे 4 मई को आएंगे।
