UP Election Results: बीजेपी ने ध्वस्त किए सारे समीकरण, योगी को लोग मानने लगे हैं PM मोदी का उत्तराधिकारी?

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 11, 2022, 02:35 PM IST

PM Modi and Yogi News: बीजेपी के जीत के चौके ने पूरे खेमें को 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर उत्साह से भर दिया है। पांच राज्यों में से चार में जनता ने जो बीजेपी को अपना प्यार और भरोसा दिया है, वो किसी भी पार्टी के लिए बेहद आवश्यक होता है।

UP Election Results: बीजेपी ने ध्वस्त किए सारे समीकरण, योगी को लोग मानने लगे हैं PM मोदी का उत्तराधिकारी?

BJP Wins in UP: गोवा, मणिपुर, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में जनता ने जो कमल के फूल पर बटन दबाकर बीजेपी को विजय रथ पर सवार किया है, वो बदलती हुई राजनीति को दर्शाता है। उत्तर प्रदेश में लगातार दूसरी बार जनाधार मिलना और सत्ता की कुर्सी पर काबिज़ होना, बीजेपी के लिए ही नहीं बल्कि यूपी के राजनीतिक इतिहास के लिए भी अहम है। यूपी में बाबा के इस चमत्कार ने लोगों के सामने कई तरह के विकल्प खड़े कर दिए हैं। राजनीतिक जानकार के साथ-साथ जनता और भगवाधारी, मोदी में योगी देखने लगे हैं। तो क्या भविष्य के आईने में योगी खुद को मोदी की छवि में देख सकते हैं। जनता और जानकार तो कुछ ऐसा ही देख रहे हैं।    

टूटा दशकों का रिकॉर्ड  

उत्तर प्रदेश की राजनीति में तीन दशकों के बाद ये पहली बार हुआ है जब सत्ताधारी पार्टी का जनता ने लगातार दोबारा से राजतिलक किया हो। पिछली बार योगी को जब मुख्यमंत्री बनाया गया था, तब न सिर्फ विरोधी दल बल्कि खुद बीजेपी खेमे में भी लोगों के सुर बदले थे। नेताओं को लगता था कि किसी और दुनिया से उठाकर किसी को मुख्यमंत्री का पद थमा दिया गया है और उसका राजतिलक कर दिया गया है। उन सब विरोधियों और सहयोगियों के निकलते सुर को एक लाख 2 हज़ार मतों से जीत ने पूर्ण विराम लगा दिया। पहली बार विधायिकी का चुनाव लड़ रहे योगी बाबा ने सबकी बोलती ही बंद कर दी।    

मोदी से आक्रामक और तेज़ योगी  

अटल बिहारी वाजपेयी के समय में और उनसे पहले बीजेपी त्रिशंकु की तरह दिखती थी। न तो वो पूरी तरह से हिंदुत्व की डोर को थामती और न ही वो पूरी तरह से सेक्लुर होने का दंभ भरती। नरेंद्र मोदी रूपि नेता ने बीजेपी की पूरी छवि को पलटकर रख दिया, साफ कर दिया कि वो हिंदुत्व के मुद्दे को भुनाएंगे और भगवा को पूरे आत्मविश्वास के साथ लहराएंगे। पार्टी के भगवाकरण और लोगों के मन में हिंदु पार्टी होने का जो विश्वास था, वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जगाया और घर कर दिया। मोदी पार्टी की वरिष्ठ नेता हैं और बाकी नेताओं का उनका अनुकरण करना संभव भी है। योगी आदित्यनाथ में लोगों को मोदी से अधिक हिंदुत्व झलकता है। लोगों को लगता है कि मोदी से कहीं ज्यादा आक्रामक हैं योगी। इस पूरे चुनाव प्रचार में बाबा का बुलडोजर करके सपा ने खूब दुष्प्रचार किया। कुछ क्षणों के लिए लगा भी कि हो सकता है कि बाबा का बुलडोज़र वाला हथकंडा बीजेपी पर कहीं भारी न पड़ जाए, लेकिन योगी आदित्यनाथ कभी भी अपने चुनाव प्रचार में नरम नहीं दिखे, उनके तेवर में वही तेज़ था और सर से लेकर पांव तक उनका भगवा मानो चीख-चीखकर लोगों को भगवा में रंगने की गुहार लगा रहा था।    

2022 के विधानसभा ने तय कर दिया 2024 का रिपोर्ट कार्ड!  

यूपी समेत बाकी तीन राज्यों में जैसे ही बीजेपी का परचम लहराया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जनता का ये प्यार और विश्वास 2024 का रिपोर्टकार्ड भी अभी से सेट कर दिया है। तो क्या सच में बीजेपी को एहसास और विश्वास है कि 2024 में जनता बीजेपी को ही फिर से सत्ता सौंपेगी।  

 क्या बीजेपी को मिल गया मोदी का योगी के रूप में विकल्प  

इन पांचों राज्यों के चुनाव के दौरान धरातल पर जब जनता के विचार जानने का मौका मिला, तब लगा कि मोदी को लोग पसंद करते ही हैं, लेकिन मोदी के नाम के साथ-साथ योगी बाबा को कहना लोग नहीं भूलते। जिस तरह से उत्तर प्रदेश में राम मंदिर के निर्माण की बात हो या फिर काशी विश्वनाथ के कॉरिडोर की, लोगों ने कहा कि मोदी के साथ ही योगी बाबा ने यूपी में इसे असंभव से संभव कर दिया। लोगों ने तो यहां तक कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्री मोदी के बाद अगर वो किसी को प्रधानमंत्री बनना देखना चाहते हैं, तो वो कोई और नहीं बल्कि उनके योगी बाबा हैं।  इन सवालों का जवाब तो जनता जनादर्न के पास ही है।  फिलहाल यूपी में बंपर जीत का उपहार जो जनता ने योगी बाबा को दिया है, पूरी पार्टी उसका आनंद ले रही है और गुजरात विधानसभा चुनाव में अभी से जुट गई है।   

End of Article