अमेठी में निभाई गई परंपरा, राजा से पहले धोबी ने डाला वोट, जानें इसके बारे में

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 27, 2022, 09:45 AM IST

Amethi: उत्तर प्रदेश के अमेठी में आज वोटिंग हो रही है। यहां से बीजेपी ने संजय सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है। यहां वोटिंग के दिन एक परंपरा निभाई जाती है, जिसका पालन आज भी किया गया।

अमेठी में निभाई गई परंपरा, राजा से पहले धोबी ने डाला वोट, जानें इसके बारे में

उत्तर प्रदेश में आज विधानसभा चुनाव के लिए 5वें चरण का मतदान हो रहा है। इस चरण में 12 जिलों की 61 सीटों पर वोटिंग हो रही है। आज 693 उम्‍मीदवारों की किस्मत दांव पर है। आज अमेठी जिले की चार विधानसभा सीटों पर आज मतदान हो रहा है लेकिन सबकी नजर अमेठी सीट पर है। जहां राजा और महाराना के बीच मुकाबला बताया जा रहा है। अमेठी के राजा डॉ. संजय सिंह बीजेपी से उम्मीदवार हैं, वही सपा ने गायत्री सिंह प्रजापति की पत्नी महाराजी देवी को मैदान में उतारा है। अमेठी में आज भी सालों पुरानी परंपरा को निभाया गया। अमेठी के जिस पोलिंग बूथ पर संजय सिंह को वोट करना था वहां सबसे पहले पंचम धोबी ने वोट किया। अमेठी के लोगों ने बताया कि ये परंपरा बहुत पुरानी है, धोबी को शुभ माना जाता है इसलिए राजघराना इस परंपरा को आज भी निभाता है। पहले पंचम धोबी ने वोट डाला उसके बाद राजा संजय सिंह और उनकी दूसरी पत्नी अमिता सिंह ने मताधिकार का प्रयोग किया।

पंचम धोबी ने टाइम्स नाउ नवभारत से एक्सक्लूसिव बातचीत में कहा कि राजा के लिए प्रजा पहले है। इस बात को राजा संजय सिंह मानते हैं इसलिए मुझे पहले वोट करने के लिए कहा जाता है। पंचम धोबी ने वोट देने के बाद संजय सिंह के जीत को लेकर इच्छा भी जताई।

कांग्रेस से राज्यसभा सांसद रहे संजय सिंह पार्टी छोड़ बीजेपी में शामिल हुए। संजय सिंह 33 साल बाद एक बार फिर विधायक का चुनाव लड़ रहे हैं। वोट डालने के बाद संजय सिंह अपनी जीत को लेकर आश्वस्त दिखे। वहीं उनकी पत्नी और अमेठी से पूर्व विधायक अमिता सिंह ने कहा कि संजय सिंह को अमेठी की जनता प्यार करती है। 27 साल की उम्र में संजय सिंह पहली बार अमेठी के विधायक बने थे।

End of Article