UP Election: राहुल गांधी बोले- अमेठी के लिए जो सपना मैंने देखा था, वो छत्तीसगढ़ सरकार ने पूरा किया

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 25, 2022, 05:35 PM IST

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज अमेठी में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया और इस दौरान उन्होंने बीजेपी को ही नहीं बल्कि सपा-बसपा को भी निशाने पर लिया।

UP Election: राहुल गांधी बोले- अमेठी के लिए जो सपना मैंने देखा था, वो छत्तीसगढ़ सरकार ने पूरा किया

अमेठी: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी आखिरकार उत्तरप्रदेश चुनावी प्रचार के लिए पहुंच ही गए। राहुल गांधी पांचवे चरण के प्रचार के लिए अपनी पुरानी संसदीय सीट अमेठी में प्रचार करने पहुंचे। साथ में उत्तरप्रदेश की प्रभारी और बहन प्रियंका गांधी भी मौजूद थी। अभी तक राहुल गांधी उत्तरप्रदेश में चुनाव प्रचार से दूरी बनाए हुए थे। राहुल ने अपना सारा ध्यान उत्तराखंड,पंजाब,गोवा और मणिपुर में प्रचार में लगाया हुआ था। वो सिर्फ एक बार रविदास जयंती के लिए वाराणसी पहुंचे थे। लेकिन वहा भी उन्होंने कोई चुनाव प्रचार नही किया।

सपा बसपा को भी कोसा

अमेठी में चुनाव प्रचार के लिए भाई बहन ने बीजेपी के साथ साथ सपा और बसपा को भी जमकर कोसा। प्रियंका गांधी ने अपने भाषण में कहा – आपने इनकी ( सपा, बसपा, बीजेपी) आदत डाल दी है कि धर्म और जाति की बात करेंगे, ध्रुवीकरण करके सत्ता में आएंगे। प्रियंका ने मतदाता को आगाह किया की अगर गलत पार्टी को चुनेंगे तो आप 5 साल पछतायेंगे। उन्होंने पूछा की महिलाओं पर अत्याचार होने पर ना तो मायावती निकलती है, ना अखिलेश निकलते हैं और न ही योगी– मोदी। 

उद्योगपतियों को लेकर मोदी सरकार पर हमला

राहुल गांधी ने एक बार फिर मोदी और चंद उद्योगपतियों के संबंध का जिक्र किया। राहुल ने कहा 70 साल में अडानी और अम्बानी के लिए कुछ नही हुआ,शायद इसलिए PM कहते हैं कि 70 साल में कुछ नही हुआ। राहुल गांधी ने अमेठी के लिए इमोशनल कार्ड खेलते हुए छत्तीसगढ़ मॉडल की तारीफ की। राहुल ने कहा की अमेठी के लिए जो सपना मैंने देखा वो छत्तीसगढ़ में सरकार ने पूरा किया है। वहाँ जिस जिले में जिसकी खेती होती है उसका फ़ूड प्रोसेसिंग यूनिट लगा दिया गया है। 

राहुल गांधी ने कहा बीजेपी चोर दरवाजे से सत्ता हथियाती है। उन्होंने आरोप लगाया की भाजपा ने मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार चोरी कर ली। करोड़ो पैसे खर्च करके मध्यप्रदेश, गोवा,अरूणाचल प्रदेश की चुनी सरकार को गिरा दिया। राहुल ने अमेठी की जनता से अपील की वो धर्म और जाति की बजाय उत्तरप्रदेश के भविष्य के लिए वोट करें।

प्रियंका ने किया यूक्रेन का जिक्र

प्रियंका गांधी ने जगदीशपुर के चुनावी सभा में रूस और यूक्रेन के युद्ध का जिक्र किया। प्रियंका ने कहा की प्रधानमंत्री की नजर युद्ध पर है, वो कोरोणा में अमेरिका के राष्ट्रपति को पत्र लिखते है, लेकिन उन्हें यूपी के छुट्टे जानवर नही दिखते। वो कहते है की  संज्ञान नहीं है। रूस युद्ध का संज्ञान है पर इसका संज्ञान ही नहीं है। लोकसभा चुनाव हारने के बाद राहुल गांधी बहुत कम मौके पर ही अमेठी पहुंचे है। लेकिन आज प्रियंका गांधी के साथ अमेठी पहुंच कर राहुल गांधी ने ये संदेश दिया है की गांधी परिवार इतनी आसानी से रायबरेली और अमेठी के अपने पारंपरिक गढ़ को छोड़ना नहीं चाहते।

End of Article