जालंधर में बोले PM मोदी- मंदिर जाना चाहता था, प्रशासन ने हाथ खड़े कर दिए, अब NDA की सरकार बनेगी, नवा पंजाब बनेगा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 14, 2022, 05:20 PM IST

PM Modi Jalandhar Rally: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब के जालंधर में एक जनसभा को संबोधित किया। वो कांग्रेस पर लगातार हमलावर बने हुए थे।

जालंधर में बोले PM मोदी- मंदिर जाना चाहता था, प्रशासन ने हाथ खड़े कर दिए, अब NDA की सरकार बनेगी, नवा पंजाब बनेगा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पंजाब के जालंधर में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज मेरी इच्छा थी कि शक्तिपीठ देवी तालाब की देवी माता त्रिपुरमालिनी के चरणों में जाकर नमन करूं, उनका आशीर्वाद लूं। लेकिन यहां के प्रशासन और पुलिस ने हाथ खड़े कर दिए। उन्होंने कहा कि हम व्यवस्था नहीं कर पाएंगे आप हेलीकॉप्टर से ही चले जाइए। अब ये हाल हैं सरकार के यहां।

पीएम मोदी ने कहा कि पंजाब ने मुझे तब रोटी खिलाई है जब मैं भाजपा का एक साधारण कार्यकर्ता के तौर पर यहां गांव-गांव में काम करता था। पंजाब ने मुझे इतना कुछ दिया है कि मैं इसका कर्ज उतारने के लिए जितनी सेवा करता हूं, मुझे उतनी ही और मेहनत करने का मन करता है।  

नया भारत तब बनेगा, जब नवा पंजाब बनेगा: PM

उन्होंने कहा कि पंजाब में NDA गठबंधन की सरकार बनेगी अब ये पक्का है। पंजाब में विकास का एक नया अध्याय शुरू होगा। पंजाब के एक-एक व्यक्ति को, मेरे नौजवानों को मैं विश्वास देने आया हूं कि आपके उज्ज्वल भविष्य के लिए हमारे प्रयास में कोई कमी नहीं रहने देंगे। नया भारत तब बनेगा, जब इस दशक में ‘नवा पंजाब’ बनेगा। नवा पंजाब- जिसमें विरासत भी होगी, विकास भी होगा। नवा पंजाब- जो कर्ज़ से मुक्त होगा, अवसरों से युक्त होगा। नवा पंजाब- जहां हर दलित भाई-बहन को मान मिलेगा, हर स्तर पर उचित भागीदारी मिलेगी।

कांग्रेस के लोग अपने नेताओं की सारी पोल पट्टी खोल रहे हैं: मोदी

मोदी ने कहा कि पंजाब को एक ऐसी सरकार की जरूरत है जो देश की सुरक्षा के लिए गंभीर रहकर काम करे। कांग्रेस का इतिहास गवाह है कि वो कभी पंजाब के लिए काम नहीं कर सकती। और जो काम करना भी चाहता है, वो उसके आगे हजार रोड़े खड़े कर देती है। आज कांग्रेस पार्टी की क्या गति है, आज उनकी अपनी ही पार्टी बिखर रही है। कांग्रेस के लोग अपने नेताओं की सारी पोल पट्टी खोल रहे हैं। आपस में लड़ रहे लोग पंजाब को स्थिर सरकार नहीं दे सकते हैं। अपनी कुर्सी बचाने में जुटे ये लोग पंजाब का विकास नहीं कर सकते हैं। कांग्रेस की सारी सरकारें रिमोट कंट्रोल से दिल्ली से एक परिवार चलाता है। संविधान के आधार पर वो सरकारें नहीं चलती। हम संघवाद का सम्मान करते हैं। पंजाब के पूर्व सीएम अमरिंदर सिंह ने केंद्र के साथ संघवाद के हिसाब से काम किया।

अकाली दल पर भी साधा निशाना

आजादी के बाद इतने दशकों में पंजाब के पास कम ही विकल्प रहे। हम जब अकाली दल के साथ थे, तो उन्हें बड़ा भाई मानकर हमेशा हमने अपनी छोटी भूमिका को स्वीकार किया था। दिल में सिर्फ एक ही बात थी कि जिस बात में पंजाब का भला होगा वही करेंगे। एक समय ऐसा था कि अकाली दल के पास पूर्ण बहुमत नहीं था, भाजपा के समर्थन के बिना उनकी सरकार नहीं चल सकती थी। उस स्थिति में कुदरती न्याय तो ये कहता था कि डिप्टी सीएम भाजपा का बनना चाहिए था। लेकिन उस समय भी हमारे साथ अन्याय हुआ और बादल साहब ने अपने बेटे को ही उपमुख्यमंत्री बना दिया। हमारे पास ज्यादा एमएलए थे, सरकार घर जा सकती थी। लेकिन फिर भी पंजाब की भलाई के लिये, हमने वो पाप नहीं किया। क्योंकि हमारे दिल में सिर्फ और सिर्फ पंजाब का उज्ज्वल भविष्य है।

End of Article