UP में कांग्रेस को लग सकता है एक और बड़ा झटका, सपा में 'घर वापसी' कर सकते हैं राज बब्बर 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 28, 2022, 10:11 AM IST

Raj Babbar : राज बब्बर यदि कांग्रेस को छोड़ते हैं तो यूपी विधानसभा चुनाव का सामना कर रही कांग्रेस के लिए यह एक और बड़ा झटका होगा। गत मंगलवार को आरपीएन सिंह भाजपा में शामिल हो गए।

UP में कांग्रेस को लग सकता है एक और बड़ा झटका, सपा में 'घर वापसी' कर सकते हैं राज बब्बर 
Photo Credit: PTI

नई दिल्ली : पांच राज्यों में चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी को झटके पर झटके लग रहे हैं। दिग्गज नेता पार्टी छोड़कर कहीं और अपने लिए राजनीतिक संभावनाएं तलाश रहे हैं। यूपी में कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगता दिख रहा है। आरपीएन सिंह के बाद कांग्रेस के दिग्गज नेता राज बब्बर समाजवादी पार्टी (सपा) में शामिल हो सकते हैं। सपा प्रवक्ता फकरूल चांद हुसैन का दावा है कि राज बब्बर सपा के बड़े नेताओं के साथ संपर्क में हैं और वह कांग्रेस छोड़कर सपा में शामिल हो सकते हैं। सपा प्रवक्ता ने कहा कि 'राज बब्बर की घर वापसी हो रही है लेकिन वह विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे।'

भाजपा में शामिल हुए आरपीएन सिंह
राज बब्बर यदि कांग्रेस को छोड़ते हैं तो यूपी विधानसभा चुनाव का सामना कर रही कांग्रेस के लिए यह एक और बड़ा झटका होगा। गत मंगलवार को आरपीएन सिंह भाजपा में शामिल हो गए। आरपीएन सिंह गांधी परिवार के करीबी थे और उनकी पहचान पूर्वांचल के एक बड़े नेता के रूप में है।

आरपीएन सिंह के BJP में शामिल होने के मायने, पूर्वांचल की इन सीटों पर दिखेगा असर  


यूपी में कई बड़े नेता छोड़ चुके हैं कांग्रेस
यूपी में जितिन प्रसाद, अदिति सिंह जैसे कई दिग्गज नेता पहले ही कांग्रेस छोड़कर अन्य दलों में शामिल हो चुके हैं। ये नेता पार्टी नेतृत्व से निराश बताए जाते हैं। राज बब्बर के बारे में कहा जा रहा है कि वह भी लंबे समय से हाशिए पर हैं, उनकी बात नहीं सुनी जा रही है जिसके चलते वह खुद को पार्टी में उपेक्षित महूसस कर रहे हैं।

समाजवादी पार्टी पर अनुराग ठाकुर ने बोला हमला, बोले- सपा कार्यकाल में नहीं सुरक्षित थी नारी


पहले सपा में थे राज बब्बर
सपा के साथ राज बब्बर का साथ पुराना रहा है। वह लंबे समय तक इस पार्टी के साथ रहे लेकिन साल 2008 में वह कांग्रेस में शामिल हो गए। 2009 के लोकसभा चुनाव में राज बब्बर ने अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को हराया था। सपा प्रवक्ता का कहना है कि बीते दिनों में समाजवादी विचारधारा वाले जो लोग पार्टी छोड़कर अन्य दलों में चले गए हैं उन्हें दोबारा पार्टी से जोड़ने के लिए प्रयास किया जा रहा है। राज बब्बर भी समाजवादी नेता हैं। उनके जैसे और लोग भी हैं जिन्हें दोबारा पार्टी में लाने का प्रयास किया जा रहा है। 

End of Article