Fake Video of CM Yogi: चुनावी मौसम में दिग्गज नेताओं के फेक वीडियो सोशल मीडिया पर फैलाने का काम जोर पकड़ रहा है। गृह मंत्री अमित शाह के फेक वीडियो के बाद अब यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ का ऐसा ही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की कोशिश की जा रही है। इस संबंध में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक शख्स को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
ये है पूरा मामला
1 मई को ट्विटर हैंडल आईडी 'श्याम गुप्ता आरपीएसयू' से अपलोड कर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ का एआई जनरेटेड डीप फेक वीडियो वायरल किया जा रहा था। इसमें भ्रामक तथ्य फैलाकर देश विरोधी तत्वों को मजबूत किया जा रहा था। यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट ने सूचना एकत्र कर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन नोएडा में मुकदमा 27/24 us 468, 505(2)IPC, 66 ITAct पंजीकृत किया। इसके बाद श्याम गुप्ता निवासी बरौला, नोएडा गौतमबुद्धनगर को गिरफ्तार कर लिया गया। साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन नोएडा द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (उत्तर प्रदेश एसटीएफ) और एडीजी (कानून एवं व्यवस्था) अमिताभ यश ने कहा कि वीडियो भ्रामक तथ्य फैलाने, राष्ट्रविरोधी तत्वों को मजबूत बनाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। एडीजीपी यश ने कहा, एक मई को, एआई से बना उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का फर्जी वीडियो एक्स हैंडल पर पोस्ट किए जाने के बाद वायरल हो गया। वीडियो भ्रामक तथ्य फैलाने, राष्ट्रविरोधी तत्वों को मजबूत बनाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था।
उन्होंने कहा कि एसटीएफ की नोएडा इकाई ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नोएडा साइबर अपराध थाने में भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। यश ने कहा, बृहस्पतिवार को आरोपी श्याम किशोर गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया और नोएडा के स्थानीय साइबर अपराध थाने में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि गुप्ता नोएडा का निवासी है और अपने एक्स प्रोफाइल पर रेहड़ी-पटरी कल्याण संघ का अध्यक्ष होने का दावा करता है।
