इलेक्शन

सीमांचल से गरजे अमित शाह- 'हर घुसपैठिए को बाहर निकालेंगे, बिहार को फिर से मोदी-नीतीश की जोड़ी आगे बढ़ाएगी'

बिहार के बनमनखी में जनसभा को संबोधित करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि एनडीए पांच पांडवों की तरह है और बिहार में 160 से अधिक सीटें जीतेगा। उन्होंने राजद शासन को ‘जंगलराज’ बताते हुए कहा कि नीतीश कुमार ने इसे खत्म किया है। अमित शाह ने सीमांचल से घुसपैठियों को बाहर निकालने का वादा करते हुए कहा कि एनडीए की सरकार बिहार को पूरी तरह विकसित बनाएगी।

Image

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (ANI)

Photo : ANI

Bihar Election 2025: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को बिहार के बनमनखी में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा है कि एनडीए पांच पांडवों की तरह है। उन्होंने दावा किया कि इस बार बिहार विधानसभा चुनाव में 160 से ज्यादा सीटों के साथ एनडीए की सरकार बनने वाली है। गृह मंत्री ने कहा कि आधे बिहार ने वोट डाल दिए हैं। पहले चरण के चुनाव में लालू यादव और राहुल गांधी की पार्टी का सूपड़ा साफ हो चुका है। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार बहुत आगे बढ़कर एक विकसित राज्य बनने जा रहा है।

जंगलराज फिर नहीं आने देंगे- अमित शाह

राजद के कार्यकाल को लेकर गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "लालू-रबड़ी के राज में यहां दिनदहाड़े एमएलए की हत्या होती थी। लूट, हत्या, फिरौती और अपहरण की इंडस्ट्रीज चलती थी। लेकिन अब नीतीश कुमार जी ने जंगलराज को समाप्त कर दिया है।" उन्होंने बिहार के मतदाताओं से कहा कि 'जंगलराज' भेष बदलकर, कपड़े बदलकर और चेहरा बदलकर फिर से आने की कोशिश कर रहा है। इसलिए आपका एक-एक बटन 'जंगलराज' को फिर आने से रोकने का काम करेगा।

ओसामा को टिकट देने पर क्या बोले अमित शाह

रैली के दौरान, अमित शाह ने शहाबुद्दीन के बेटे को टिकट दिए जाने पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, "लालू यादव की पार्टी ने सीवान में शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा को टिकट दिया है और टिकट देते समय लालू यादव के बेटे ने नारा लगाया कि शहाबुद्दीन अमर रहे।" तेजस्वी यादव का नाम लेते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "सुन लो तेजस्वी बाबू, इस बिहार की भूमि पर, सिवान की भूमि पर कोई ओसामा और शहाबुद्दीन की जगह नहीं बची है।"

गृह मंत्री अमित शाह ने घुसपैठियों का मुद्दा उठाया और कहा कि मैं सीमांचल की भूमि से कहकर जाता हूं कि हम बिहार से एक-एक घुसपैठिए को निकालने का काम करेंगे।

'घुसपैठिया बचाओ' यात्रा लेकर निकले थे राहुल-तेजस्वी - अमित शाह

अमित शाह ने कहा, "राहुल गांधी और लालू का बेटा 'घुसपैठिया बचाओ' यात्रा लेकर निकले थे। वे चाहते हैं कि सीमांचल घुसपैठियों का गढ़ बने। ये घुसपैठिए हमारे युवाओं की नौकरी छीन लेते हैं, गरीबों के राशन में हिस्सेदारी लेते हैं और देश को भी असुरक्षित करते हैं। मैं सीमांचल के बनमनखी में कहकर जाता हूं कि हम न सिर्फ घुसपैठियों को निकालेंगे, बल्कि उन्होंने जो अतिक्रमण किया है उसको भी पूरा जमींदोज करके सीमांचल की भूमि से मुक्त कराएंगे।"

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article