एजुकेशन

Constitution Day 2026: मौलिक अधिकार के साथ आते हैं 11 मौलिक कर्तव्य, इनका पालन हर नागरिक की जिम्मेदारी

Constitution Day 2026: 26 नवंबर वही दिन है, जिस दिन भारत का संविधान बनकर तैयार हुआ था और इसे स्वीकार किया गया था। संविधान द्वारा हमें कई अधिकार दिए हैं, जिनके साथ मौलिक कर्तव्य भी हैं, जिनका पालन करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

Image

Constitution Day 2026: मौलिक अधिकार के साथ आते हैं 11 मौलिक कर्तव्य, इनका पालन हर नागरिक की जिम्मेदारी

Constitution Day 2026: हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। यह वही डेट है, जिस दिन भारत का संविधान बनकर तैयार हुआ था। संविधान दिवस (Constitution Day) हमें याद दिलाता है कि लोकतंत्र केवल अधिकारों की एक लिस्ट नहीं है, बल्कि साझा जिम्मेदारियों से चलने वाली एक व्यवस्था है। 26 नवंबर 1949 को भारत की संविधान सभा ने संविधान को स्वीकार किया था, जिसके बाद यह 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया था। जहां भारतीय संविधान नागरिकों को समानता, स्वतंत्रता और न्याय जैसे मौलिक अधिकार देता है, वहीं दूसरी तरह यह देशवासियों को समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदार भी बनाता है।

अधिकांश लोग संविधान द्वारा दिए गए अधिकारों के बारे में तो जानते हैं, लेकिन अधिकारों के साथ आने वाले कर्तव्यों के बारे में कम लोगों को पता है। सही मायने में अधिकार और कर्तव्य एक ही सिक्के के दो पहलू हैं—बिना कर्तव्यबोध के अधिकारों का संतुलन अधूरा रहता है। आइए इस संविधान दिवस जानते हैं अनुच्छेद 51A के तहत दिए गए 11 मौलिक कर्तव्य और नागरिक जिम्मेदारी के बारे में विस्तार से।

संविधान दिवस का उद्देश्य

संविधान दिवस का उद्देश्य नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ. भीमराव आंबेडकर और अन्य निर्माताओं के योगदान का सम्मान करना, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूकता और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूती देना है।

संविधान में मौलिक कर्तव्य

आपको जानकर हैरानी होगी कि जिन मौलिक कर्तव्यों के बारे में आज हम बात कर रहे हैं, वह मूल संविधान में शामिल ही नहीं थे। इन्हें अलग से बाद में शामिल किया गया। जी हां, इन्हें स्वर्ण सिंह समिति की सिफारिशों के आधार पर 42वें संविधान संशोधन अधिनियम, 1976 के माध्यम से संविधान के भाग-4क (Part IVA) के अनुच्छेद 51A में जोड़ा गया। शुरुआत में इनकी संख्या केवल 10 थी, लेकिन 86वें संविधान संशोधन अधिनियम, 2002 के जरिए 11वां मौलिक कर्तव्य जोड़ा गया, जिससे इनकी कुल संख्या अब 11 हो गई है।

भारतीय नागरिकों के 11 मौलिक कर्तव्य (Fundamental Duties)

1संविधान और प्रतीकों का सम्मानसंविधान का पालन करें और उसके आदर्शों, संस्थाओं, राष्ट्रध्वज और राष्ट्रगान का आदर करें।
2स्वतंत्रता संग्राम के आदर्शराष्ट्रीय स्वतंत्रता आंदोलन को प्रेरित करने वाले उच्च आदर्शों को हृदय में संजोए रखें और उनका पालन करें।
3संप्रभुता, एकता और अखंडता की रक्षाभारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता की रक्षा करें और उसे अक्षुण्ण रखें।
4देश की रक्षा और राष्ट्रीय सेवादेश की रक्षा करें और आह्वान किए जाने पर राष्ट्र की सेवा करें।
5समरसता और महिलाओं की गरिमाभारत के सभी लोगों में समरसता और समान भ्रातृत्व की भावना का निर्माण करें जो धर्म, भाषा और प्रदेश या वर्ग आधारित भेदभाव से परे हो, तथा ऐसी प्रथाओं का त्याग करें जो महिलाओं के सम्मान के विरुद्ध हों।
6साझा संस्कृति की धरोहरहमारी सामासिक संस्कृति की गौरवशाली परंपरा का महत्व समझें और उसका परिरक्षण करें।
7पर्यावरण और जीवों के प्रति दयाप्राकृतिक पर्यावरण की—जिसके अंतर्गत वन, झील, नदी और वन्यजीव हैं—रक्षा करें और उसका संवर्धन करें तथा प्राणिमात्र के प्रति दयाभाव रखें।
8वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सुधार की भावनावैज्ञानिक दृष्टिकोण, मानवतावाद और ज्ञानार्जन तथा सुधार की भावना का विकास करें।
9सार्वजनिक संपत्ति और अहिंसासार्वजनिक संपत्ति को सुरक्षित रखें और हिंसा से दूर रहें।
10उत्कृष्टता का प्रयासव्यक्तिगत और सामूहिक गतिविधियों के सभी क्षेत्रों में उत्कर्ष की ओर बढ़ने का सतत प्रयास करें, जिससे राष्ट्र निरंतर बढ़ते हुए प्रयत्न और उपलब्धि की नई ऊंचाइयों को छू सके।
11शिक्षा का अवसर (86वां संशोधन, 2002)यदि कोई नागरिक माता-पिता या संरक्षक है, तो 6 से 14 वर्ष तक की आयु के अपने बच्चे या प्रतिपाल्य को शिक्षा के अवसर प्रदान करें।

अधिकार और कर्तव्य का संतुलन क्यों है जरूरी

मौलिक कर्तव्य न्यायालय द्वारा सीधे प्रवर्तनीय (Enforceable) नहीं हैं, लेकिन ये एक जागरूक और जिम्मेदार समाज की नैतिक व नागरिक आधारशिला जरूर हैं। जब देश का हर नागरिक अपने अधिकारों के साथ-साथ सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा, स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण, सद्भाव और शिक्षा के अवसर जैसे कर्तव्यों को निभाता है, तो लोकतंत्र और अधिक मजबूत और सहभागी बनता है। क्योंकि इसमें न नागरिक केवल अपने अधिकारों के लिए नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी भूमिका निभा रहा है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article