लखनऊ के प्रणव भास्कर तिवारी ने अपनी मेहनत और लगातार प्रयासों से एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रणव का चयन करीब 83 लाख रुपये की Chevening–Bharat Ratna Shri Atal Bihari Vajpayee Uttar Pradesh Rajya Sarkar Scholarship के लिए हुआ है। प्रतिष्ठित Chevening Scholarship के लिए प्रणव को पहले तीन प्रयासों में सफलता नहीं मिली। यह स्कॉलरशिप उत्तर प्रदेश सरकार और ब्रिटेन सरकार की साझेदारी से शुरू हुई है और इसका नाम पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखा गया है। प्रणव इस अवसर के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तर प्रदेश सरकार के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हैं।
University College London से करेंगे पढ़ाई
इस प्रतिष्ठित स्कॉलरशिप के तहत वह लंदन स्थित University College London (UCL) में डेवलपमेंट, टेक्नोलॉजी और इनोवेशन पॉलिसी में मास्टर ऑफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन (MPA) की पढ़ाई करेंगे। यह उपलब्धि सिर्फ एक स्कॉलरशिप हासिल करने की कहानी नहीं है, बल्कि छोटे कदमों से शुरू होकर वैश्विक मंच तक पहुंचने और असफलताओं के बावजूद लगातार प्रयास करते रहने की मिसाल भी है।
लखनऊ के ला मार्टिनियर के छात्र रहे प्रणव ने वकील के तौर पर अपनी पेशेवर पहचान बनाई और कानून के क्षेत्र से निकलकर टेक्नोलॉजी पॉलिसी की दुनिया में कदम रखा। उन्होंने सिम्बायोसिस लॉ स्कूल से B.A-L.LB. डिग्री हासिल की है। इसके बाद उन्होंने जिंदल ग्लोबल स्कूल से LLM की डिग्री हासिल की। उनकी पेशेवर यात्रा उन्हें अमेजन वेब सर्विस (AWS) जैसी वैश्विक टेक कंपनी तक ले गई।
बता दें कि ब्रिटेन के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय में उच्च शिक्षा का सपना पूरा करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार और ब्रिटेन के ‘द फॉरेन कॉमनवेल्थ एंड डेवलपमेंट ऑफिस’ (एफसीडीओ) के बीच ऐतिहासिक समझौते के तहत 'चिवनिंग-भारत रत्न श्री अटल बिहारी बाजपेयी उत्तर प्रदेश राज्य सरकार छात्रवृत्ति योजना' शुरू की गई है। इस योजना के तहत हर साल प्रदेश के पांच प्रतिभाशाली छात्रों को ब्रिटेन के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में मास्टर डिग्री के लिए छात्रवृत्ति दी जाती है।
