UP RTE School Admission 2026: Right to Education के तहत यूपी में 68 हजार स्कूलों में बच्चों को फ्री में एडमिशन देने की तैयारी की जा रही है। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को स्कूलों में प्रवेश देने के लिए आवेदन की प्रक्रिया अगले माह यानी फरवरी से शुरू होने वाली है। फ्री एडमिशन के लिए 68 हजार स्कूलों को RTE पोर्टल पर मैप किया गया है। RTE ने इस संबंध में सोमवार यानी 19 जनवरी को पूरा शेड्यूल जारी किया, जिसके बाद राज्य परियोजना कार्यालय द्वारा सभी जिलाधिकारियों और बेसिक शिक्षक अधिकारियों को प्रक्रिया को लेकर आदेश जारी कर दिए गए हैं।
68 हजार स्कूलों में मिलेगा फ्री एडमिशन का मौका
जैसा कि आपको बताया, उत्तर प्रदेश में RTE ने 68 हजार स्कूलों को पोर्टल पर मैप किया गया है। यह सभी वह स्कूल हैं, जिसमें कुल स्वीकृत सीटों में 25 प्रतिशत सीटें कमजोर आय वर्ग के बच्चों के प्रवेश के लिए है। बता दें कि इससे पहले भी फ्री एडमिशन के लिए 1 दिसंबर 2025 में आवेदन शुरू किए गए हैं। इस दौरान करीब 1.85 लाख बच्चों ने एडमिशन के लिए आवेदन किया था, जिसमें से 1.41 लाख बच्चों को विभिन्न स्कूलों में प्रवेश दिया गया था। उसी प्रकार के एक बार फिर RTE द्वारा फ्री प्रवेश के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। आइए अब आपको आवेदन की तिथि के साथ आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताएं।
किन स्कूलों में कर सकते हैं फ्री प्रवेश के लिए आवेदन
जानकारी के अनुसार, अभिभावक को बच्चों के लिए अपने आसपास स्थित 10 स्कूलों को चुनने का विकल्प दिया गया है। जिसके आधार पर वह आवेदन प्रक्रिया पूरी करेंगे।
जानें कैसे होगा सीटों का आवंटन
RTE द्वारा 68 हजार स्कूलों में सीटों का आवंटन लॉटरी के जरिए किया जाएगा। लाटरी में आने वाला नाम केवल उस क्षेत्र में स्थित स्कूलों के लिए ही मान्य होगा। इसमें ग्राम पंचायत, नगर पंचायत, नगर पालिका और नगर निगम के वार्ड शामिल है। इस क्षेत्र से बाहर के स्कूलों में यह मान्य नहीं होगा। इसका अर्थ ये है कि अभिभावक चयनित क्षेत्र से बाहर के स्कूलों में आवेदन नहीं कर सकते हैं।
क्या है आयु एलिजिबिलिटी
RTE के तहत स्कूलों में प्रवेश के लिए बच्चों की उम्र की गणना अप्रैल 2026 के आधार पर की जाएगी। आयु गणना के नियम के आधार पर नर्सरी में प्रवेश करने वाले बच्चे की आयु 3 से 4 वर्ष की होनी चाहिए और एलकेजी में चार से पांच वर्ष, यूकेजी के लिए पांच से छह वर्ष और पहली क्लास के लिए 6 से 7 वर्ष होनी चाहिए। इस आयु के आधार पर ही बच्चों को प्रवेश दिया जाएगा। यदि किसी बच्चे का नाम पहले चरण में नहीं आता है तो उसे दूसरे चरण में आवेदन करने का मौका दिया जाएगा। इस प्रकार 3 चरणों में प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
RTE के तहत आवेदन कैसे करें?
1. कमजोर वर्ग के लिए आरक्षित सीटों पर प्रवेश के लिए छात्र आधिकारिक वेबसाइट rte25.upsdc.gov.in पर जाएंगे।
2. स्क्रीन पर दिए गए ऑनलाइन एप्लीकेशन पर क्लिक करेंगे।
3. लॉगिन क्रिएट करने के साथ आवेदन फॉर्म में आवश्यक सारी सूचना भरी जाएगी।
4. प्रवेश के लिए आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, दिव्यांग प्रमाण पत्र (यदि है तो) आदि दस्तावेज की स्कैन कॉपी लगानी है।
5. उसके बाद आवेदन फॉर्म को सबमिट करना है और भविष्य के लिए फॉर्म का एक पीडीएफ बनाना है।
तीन चरणों में प्रवेश प्रक्रिया होगी पूरी
आरटीई के तरह फ्री एडमिशन की प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी की जाएगी, जो इस प्रकार है -
पहला चरण- प्रथम चरण में आवेदन की प्रक्रिया 2 फरवरी से 16 फरवरी तक चलेगी, जिसमें एप्लीकेशन वेरिफिकेशन किया जाएगा। 18 फरवरी को लॉटरी प्रक्रिया पूरी की जाएगी और 20 फरवरी को स्कूल में आवंटित की जाएगी।
दूसरा चरण - दूसरे चरण के आवेदन 21 फरवरी से 7 मार्च तक होंगे। 9 मार्च को लॉटरी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। 11 मार्च को स्कूल आवंटन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
तीसरा चरण- तीसरे चरण के लिए अभिभावक 12 मार्च से 25 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के बाद 27 मार्च को लॉटरी प्रक्रिया पूरी की जाएगी और 29 मार्च को स्कूलों के आवंटन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
