एजुकेशन

UP Polytechnic JEECUP 2026: आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 10 मई तक करें रजिस्ट्रेशन

UP Polytechnic JEECUP 2026: यूपी पॉलिटेक्निक संस्थानों में प्रवेश के लिए JEECUP 2026 परीक्षा में शामिल होने का सपना देखने वाले उम्मीदवारों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि आगे बढ़ा दी गई है।

Image

UP Polytechnic JEECUP 2026

UP Polytechnic JEECUP 2026: उत्तर प्रदेश के पॉलिटेक्निक संस्थानों में प्रवेश का सपना देख रहे छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर है। संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश ने UP Polytechnic JEECUP 2026 के लिए आवेदन करने की समय सीमा को बढ़ा दिया है। जो उम्मीदवार अब तक किसी कारणवश फॉर्म नहीं भर पाए थे, उनके पास अब प्रवेश परीक्षा में शामिल होने का एक और सुनहरा अवसर है। लेकिन उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वह अंतिम तिथि का इंतजार न करें, क्योंकि इसके बाद आवेदन विंडो बंद हो जाएगी और हो सकता है तिथियों को आगे और न बढ़ाया जाए।

आवेदन की अंतिम तिथि

जिन उम्मीदवारों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है उन्हें बता दें कि अब 10 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, जिन छात्रों ने पहले ही आवेदन प्रक्रिया पूरी कर ली है, लेकिन उनके फॉर्म में कोई त्रुटि रह गई है, उन्हें सुधार (Correction) का मौका भी दिया गया है। उम्मीदवार 09, 10 और 11 मई 2026 तक अपने आवेदन फॉर्म में आवश्यक संशोधन कर सकते हैं।

क्या है पात्रता मानदंड

यूपी पॉलिटेक्निक में आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को कुछ अनिवार्य योग्यताओं को पूरा करना होगा। आवेदकों की न्यूनतम आयु 14 वर्ष होनी चाहिए और इसकी गणना 01 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी। इसके साथ ही छात्र का मान्यता प्राप्त संस्थान से 10वीं, 12वीं, बीएससी, बीई या बीटेक पास होना अनिवार्य है।

क्या है आवेदन शुल्क

JEECUP 2026 परीक्षा के लिए आवेदन शुल्क श्रेणी के आधार पर तय किया गया है। सामान्य (General), ओबीसी और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के लिए शुल्क 300 रुपये है। वहीं, एससी (SC) और एसटी (ST) वर्ग के उम्मीदवारों को 200 रुपये का भुगतान करना होगा।

परीक्षा पैटर्न

JEECUP 2026 की प्रवेश परीक्षा पूरी तरह से कंप्यूटर आधारित (CBT) मोड में आयोजित की जाएगी। परीक्षा में कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQ) पूछे जाएंगे और प्रत्येक प्रश्न 4 अंक का होगा। परीक्षा केवल 2 घंटे 30 मिनट के लिए आयोजित की जाएगी। लेकिन इसमें छात्रों के लिए सबसे राहत की बात यह है कि परीक्षा में कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं है। इसका अर्थ यह है कि किसी गलत उत्तर पर उनके अंक नहीं काटे जाएंगे। बिना स्ट्रेस के छात्र उत्तर दे सकते हैं।

परीक्षा केंद्र में एडमिट कार्ड के बिना एंट्री निषेध

परीक्षा केंद्र में एंट्री बिना एडमिट कार्ड के प्रतिबंधित है। छात्रों को बता दें कि परीक्षा केंद्र पर बायोमैट्रिक रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया भी पूरी करनी होगी, जिसके लिए छात्रों को परीक्षा के समय से करीब 2 घंटे पहले पहुंचने की सलाह दी गई है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article