शहर

West Bengal: आसनसोल में हिस्ट्रीशीटर एनकाउंटर में गिरफ्तार, पानी की टंकी में छिपा था आरोपी, पैर में लगी गोली

पश्चिम बंगाल के आसनसोल में पुलिस ने सर्च ऑपरेशन के दौरान एनकाउंटर के बाद हिस्ट्रीशीटर प्रताप दास को गिरफ्तार कर लिया है। पानी की टंकी में छिपे आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी है।

Image

आरोपी को पकड़कर ले जाती पुलिस

Asansol Encounter: पश्चिम बंगाल के आसनसोल में हिस्ट्रीशीटर प्रताप दास को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने बड़ा ऑपरेशन चलाया और आखिरकार एनकाउंटर के बाद उसे दबोच लिया। घायल हालत में उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस को प्रताप दास के आसनसोल के एक रिहायशी इलाके में छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस की कई टीमें इलाके में पहुंचीं और घर-घर तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस को आशंका थी कि प्रताप किसी मकान के भीतर छिपा हुआ है। इस पूरे ऑपरेशन के दौरान स्थानीय लोगों ने प्रताप दास को हाथ में हथियार लिए हुए भी देखा था, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

पानी की टंकी में छिपा था आरोपी

बता दें कि दो दिन पहले भी पुलिस ने प्रताप दास को गिरफ्तार करने की कोशिश की थी, लेकिन उस दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गया था। इसके बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। आखिरकार गुरुवार को चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। प्रताप दास एक मकान के ग्राउंड फ्लोर में स्थित पानी की टंकी में छिपा था। पुलिस ने जब उसे खोजकर जब घेर लिया, तब प्रताप ने हड़बड़ी में पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी है। फिलहाल उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी के पास मौजूद हथियार तथा उसके आपराधिक नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।

कई मामले हैं दर्ज

प्रताप दास आसनसोल में पिछले कई सालों से दहशत बन गया था। चोरी, ड्रग पेडलिंग, साइबर ठगी, जबरन वसूली और धमकी के कई मामले उसपर दर्ज थे, जिसके चलते पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी। आज आखिरकार पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

Pooja Mehta
पूजा मेहताauthor

पूजा मेहता एक वरिष्ठ टेलीविज़न पत्रकार हैं, जिन्हें रिपोर्टिंग का लगभग 15 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने राजनीति, आतंकवाद, आंतरिक संघर्ष, रक्षा, पर्यावरण और अपराध पर व्यापक रिपोर्टिंग की है, विशेष रूप से पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों पर गहरा फोकस रखते हुए। संघर्षग्रस्त इलाकों से उनकी ज़मीनी रिपोर्टिंग और जटिल मुद्दों की गहन समझ उन्हें पैनी दृष्टि और विश्वसनीय विश्लेषण के लिए अलग पहचान दिलाती है। वह प्रमाणित Defence Correspondent हैं और अमेरिकी विदेश विभाग के प्रतिष्ठित International Visitor Leadership Program (IVLP) की एलुमनी भी हैं, जिससे विदेशी नीति, सुरक्षा और सामरिक मामलों में उनकी विशेषज्ञता और मजबूत हुई है।

और पढ़ें
End of Article