बिजनेस

भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर बनी बात, जल्द लग सकती है मुहर, पीयूष गोयल ने दिया बड़ा अपडेट

भारत और अमेरिका के बीच जल्द ट्रेड डील साइन हो सकता है। ऐसा होने से भारतीय निर्यातकों को बड़ा फायदा होगा।

Image

भारत-अमेरिका ट्रेड डील जल्द

भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से अटके ट्रेड डील पर जल्द मुहर लग सकती है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौता पूरा होने के करीब है और समझौते को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तथा रूपरेखा अब आकार ले रही है। गोयल ने इंडिया डेट कैपिटल मार्केट समिट 2026’ को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये संबोधित करते हुए कहा कि अमेरिका के साथ व्यापार समझौता पूरा होने के करीब है। वह प्रक्रिया और मार्ग, जिसकी वजह से समझौते को अंतिम रूप देने में हमेशा रुकावट आती थी, उसमें अब कुछ बात बन रही है।

यूएसटीआर की रिपोर्ट के बाद आई टिप्पणी

उनकी यह टिप्पणी अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) की ताजा रिपोर्ट के बाद आई है, जिसमें भारत से होने वाले आयात पर 25 प्रतिशत शुल्क लगाने का प्रस्ताव किया गया है। इस रिपोर्ट में यह प्रावधान भी रखा गया है कि यदि दोनों देश द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर सहमत हो जाते हैं, तो इस शुल्क को 17 प्रतिशत तक सीमित कर दिया जाएगा, जिससे भारत को एशियाई प्रतिस्पर्धियों पर मामूली बढ़त मिलेगी।

मंत्री पहले भी कई मौकों पर कह चुके हैं कि समझौते को अंतिम रूप दिया जा चुका है और अमेरिकी शुल्क ढांचा तैयार होते ही तथा भारत को अपने प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में तुलनात्मक लाभ मिलते ही इस पर हस्ताक्षर कर दिए जाएंगे।

ट्रेड डील होने पर भारत के पास मौका

तुलनात्मक लाभ का अर्थ बांग्लादेश, वियतनाम, पाकिस्तान, इंडोनेशिया, थाइलैंड और चीन जैसे प्रतिस्पर्धी विनिर्माता देशों की तुलना में कम अमेरिकी आयात शुल्क और बेहतर बाजार पहुंच हासिल करना है। व्यापार विशेषज्ञों ने उम्मीद जताई कि यूएसटीआर की धारा 301 से जुड़ी इस रिपोर्ट से आने वाले हफ्तों में समझौते पर ठोस बातचीत को गति मिल सकती है।

मंत्री ने यह भी कहा कि भारत-यूरोपीय संघ (ईयू) मुक्त व्यापार समझौते पर इस साल के अंत तक हस्ताक्षर होने की उम्मीद है और यह अगले साल मार्च या अप्रैल तक प्रभावी हो जाएगा। उन्होंने कहा कि वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव के बावजूद देश का वस्तु एवं सेवा निर्यात चालू वित्त वर्ष के लिए एक लाख करोड़ डॉलर के लक्ष्य को हासिल करने की राह पर है।

आगे क्या होगा यह कोई नहीं कह सकता

उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि आज हम जिस तरह की दुनिया में रह रहे हैं, उसकी भविष्यवाणी कोई भी कर सकता था, शायद बाबा बागेश्वर भी नहीं। दो युद्ध, एक बार फिर तेल की कीमतों का झटका, शुल्क को लेकर विभिन्न अनिश्चितताएं, वैश्विक व्यापार के अवसरों से जुड़ी अनिश्चितता, माल ढुलाई के समुद्री मार्गों का एक दिन बंद होना और दूसरे दिन खुलना, हवाई अड्डों पर छिटपुट हमलों से हवाई यात्रा का प्रभावित होना।

भारत तेजी से आगे बढ़ रहा

गोयल ने कहा कि यह पूरी तरह से अस्थिर स्थिति रही है, लेकिन दुनिया भर में इन तमाम अनिश्चितताओं के बावजूद, मुझे लगता है कि जो एक चीज स्थिर रही, वह है भारत की वृद्धि गाथा पर दुनिया का भरोसा। हम उस भरोसे पर खरे उतरे। हमने पहली तिमाही में 7.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की। उन्होंने कहा कि अनिश्चितता के बीच भारत मुक्त व्यापार समझौतों को अंतिम रूप दे रहा है और माल एवं सेवा कर (जीएसटी) प्रणाली को और अधिक सरल बनाने के लिए इसमें सुधार कर रहा है।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article