UP Board 10th 12th Result 2024: उत्तर प्रदेश बोर्ड की परीक्षा खत्म होने के बाद अब कॉपी चेकिंग की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। बता दें कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, UP Board 10वीं और 12वीं की कॉपियों का मूल्यांकन 16 मार्च 2024 से शुरू होगा। इसको लेकर बोर्ड सचिव दिब्यकांत शुक्ल की तरफ से खास निर्देश जारी किया गया है।
यूपी बोर्ड 10वीं 12वीं की कॉपियों के मूल्यांकन की तैयारी शुरू हो गई है। यूपी बोर्ड के सचिव दिब्यकांत शुक्ल की तरफ से जारी निर्देश के अनुसार, मूल्यांकन की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए कॉपी चेकिंग में कोई तेजी नहीं होगी। 10वीं और 12वीं के परीक्षकों को सामान्य रूप में ही कॉपी चेकिंग का काम करना है।
यूपी बोर्ड कॉपी चेकिंग के लिए निर्देश
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की तरफ से जारी नोटिस के अनुसार, 10वीं की कॉपी चेक कर रहे परीक्षक एक दिन में सिर्फ 50 कॉपियां ही चेक करेंगे। वहीं, 12वीं के परीक्षकों को एक दिन में 45 कॉपियां चेक करने का निर्देश दिया गया है। परीक्षकों को कॉपी चेकिंग में कोई तेजी करने की जरूरत नहीं है।
सुंदर हैंडराइटिंग के नंबर
कॉपी चेकिंग को लेकर जारी निर्देश के अनुसार, प्रश्नोत्तरों का मूल्यांकन स्टेप बाय स्टेप होगा। अगर किसी सवाल के लिए 3 अंक निर्धारित है और छात्र उस सवाल का दो हिस्सा सही लिखता है और एक हिस्सा गलत लिखता है तो 1+1=2 अंक दिए जाएंगे। वहीं निर्देश में यह भी कहा गया है कि छात्रों को उनके सुंदर हैंडराइटिंग के लिए भी अतिरिक्त नंबर दिए जा सकते हैं।
कब आएगा UP Board 10th 12th का रिजल्ट?
यूपी बोर्ड 10वीं और 12वीं मिलाकर करीब 58 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राओं ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इनमें से करीब 54 लाख छात्र बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए थे। इस परीक्षा में 3 करोड़ से ज्यादा कॉपियां हैं। ऐसे में रिजल्ट आने में समय लग सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अप्रैल के अंत तक यूपी बोर्ड का रिजल्ट जारी किया जा सकता है।
