एजुकेशन

UP Board Result 2024: कब आए यूपी बोर्ड 10वीं-12वीं का रिजल्ट, 16 मार्च से कापियों का मूल्यांकन

UP Board 10th 12th Result 2024: यूपी बोर्ड ने सोमवार को हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्यक्रम भी घोषित कर दिया। आइये जानते हैं कि 10वीं और 12वीं का रिजल्ट कब तक जारी होने की संभावना है।

Image

UP Board Result 2024

UP Board 10th 12th Result 2024: यूपी बोर्ड ने सोमवार को हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्यक्रम भी घोषित कर दिया। 16 मार्च से 31 मार्च तक कापियों का मूल्यांकन प्रदेश के 260 केंद्रों पर होगा। बोर्ड ने मूल्यांकन केंद्रों का निर्धारण कर दिया है। इन सभी केंद्रों पर करीब डेढ़ लाख परीक्षक तीन करोड़ कापियों का मूल्यांकन करेंगे। परीक्षक 55 लाख से अधिक परीक्षार्थियों के शैक्षणिक भविष्य का मूल्यांकन 13 दिन के भीतर करेंगे। बीच में तीन दिन 24 से 26 मार्च तक होली का अवकाश रहेगा। आइये जानते हैं कि 10वीं और 12वीं का रिजल्ट कब तक जारी होने की संभावना है।

कुल 260 मूल्याकंन केंद्र

यूपी बोर्ड ने परीक्षा के साथ ही उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारी भी शुरू कर दी है। बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटर की परीक्षा 9 मार्च को समाप्त हो रही हैं। बोर्ड ने इसी बीच मूल्यांकन का कार्यक्रम भी तय कर दिया है। जिलेवार मूल्यांकन केंद्रों का निर्धारण कर दिया गया है। हाईस्कूल के लिए 131 एवं इंटर की उत्तरपुस्तिकाओं के लिए 116 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। 13 मूल्यांकन केंद्र मिश्रित बनाए गए हैं। यहां हाईस्कूल एवं इंटर दोनों की कापियां जांची जाएंगी। बोर्ड ने कुल 260 मूल्याकंन केंद्र बनाए हैं।

इनमें 83 राजकीय तथा 177 अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं। इस वर्ष हाईस्कूल परीक्षा में 29,47,311 एवं इंटर में 25,77,997 समेत कुल 55,25,308 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। हाईस्कूल परीक्षा की 1.76 करोड़ उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए 94,802 एवं इंटर परीक्षा की 1.25 कापियों के मूल्यांकन के लिए 52,295 परीक्षकों की नियुक्ति की गई है। इस प्रकार कुल 3.01 कराेड़ उत्तर पुस्तिकाओं के लिए 1,47,097 परीक्षकों को तैनात किया गया है।

परीक्षा समाप्त होने के बाद प्रशिक्षण कार्यक्रम

बोर्ड सचिव दिब्यकांत शुक्ला ने बताया कि कापियों के मूल्यांकन में पूरी तरह शुचिता बरती जाए इसके लिए परीक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय में प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित होगी। परीक्षा समाप्त होने के बाद प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू होगा। इसके बाद अप्रैल महीने में रिजल्ट जारी होने की संभावना है।

TNN Education Desk
TNN एजुकेशन डेस्क author

सरकारी नौकरी हर युवा की चाह है। आईएएस, पीसीएस जैसी कई नौकरियां ऐसी हैं, जिनके मिलने के बाद करियर फर्श से अर्श तक पहुंच जाता है, या यूं कहें कि सेट हो जाता है। यदि आप लेटेस्ट सरकारी जाॅब के बारे में जल्द से जल्द जानना चाहते हैं तो इस प्लेटफाॅर्म पर बने रहें, क्योंकि यहां लगातार सरकारी वैकेंसी 2023 के साथ साथ एजुकेशन सेक्टर की भी हर खबर को कवर किया जाता है।

और पढ़ें
End of Article