UGC NET June 2026 Re-examination in Delhi: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने यूजीसी नेट जून 2026 की दोबारा होने वाली परीक्षा में शामिल होने वाले दिल्ली के उम्मीदवारों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। यह री-एग्जाम 9 और 10 सितंबर 2026 को आयोजित किया जाना है। NTA ने कहा है कि इन दोनों दिनों दिल्ली में यात्रा से जुड़े प्रतिबंधों के कारण सड़कों पर सामान्य से ज्यादा समय लग सकता है। ऐसे में उम्मीदवार परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए पहले से रूट की जानकारी लें और घर से अतिरिक्त समय लेकर निकलें।
UGC NET June Exam 2026 का आयोजन 22 जून से 30 जून के बीच 87 विषयों के लिए किया गया था। बाद में English, Commerce और Sociology विषयों के पेपर को लेकर उम्मीदवारों की ओर से कई शिकायतें सामने आईं। शिकायतों की जांच के लिए NTA ने एक समिति बनाई थी। समिति की जांच में प्रश्नपत्रों में कई तरह की कमियां मिलीं। इनमें विद्वानों के नामों की गलत स्पेलिंग, किताबों के गलत नाम, प्रश्नों की भाषा में त्रुटियां, व्याकरण और विराम चिह्न की गलतियां, और कुछ विषयों के लिए गैर-मानक शब्दों का इस्तेमाल शामिल था।
इसके अलावा कई प्रश्न ऐसे भी पाए गए जो पहले की परीक्षाओं में पूछे जा चुके थे। समिति ने इन कमियों को देखते हुए तीनों विषयों की परीक्षा दोबारा कराने की सिफारिश की।
सिर्फ प्रश्न हटाने से नहीं होगा समाधान
NTA के अनुसार, इन पेपरों में मिली गड़बड़ियों को अनदेखा नहीं किया जा सकता था, ऐसे में केवल 'आंसर की' पर आपत्तियों के बाद कुछ प्रश्नों को हटाकर समस्या का समाधान करना ठीक नहीं था। इसलिए, English, Commerce और Sociology के लिए री-एग्जाम कराने का फैसला लिया गया।
रिजल्ट और JRF पर क्या असर पड़ेगा?
NTA ने स्पष्ट किया है कि तीन विषयों की दोबारा परीक्षा होने से रिजल्ट, JRF आवंटन या ई-सर्टिफिकेट जारी होने में देरी नहीं होगी। असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए क्वालिफाई करने वाले उम्मीदवारों की संख्या परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के मूल परीक्षा या री-टेस्ट में से जो संख्या अधिक होगी, उसके 6 प्रतिशत के आधार पर तय की जाएगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: NTA क्या है? जानें इसकी स्थापना से लेकर NEET विवाद तक की पूरी कहानी
