यूजीसी नेट दिसंबर 2026 की परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने अतिरिक्त समय दिया था, बावजूद इसके बड़ी संख्या में उम्मीदवारों ने आवेदन की प्रक्रिया पूरी नहीं की। अभी तक 8,78,711 लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया जबकि 186144 ने फीस जमा नहीं की। इसके अलावा 1,45,888 उम्मीदवारों के फोटो और हस्ताक्षर अपलोड नहीं किए। अभ्यर्थी 31 अक्टूबर 2026 की रात 11:50 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन फॉर्म जमा करने के साथ परीक्षा की फीस का भुगतान भी इसी समय तक पूरा करना होगा। यह अतिरिक्त समय बिना लेट फीस के दिया गया है।
इससे पहले आवेदन की आखिरी तारीख 28 अक्टूबर तय की गई थी। जिन उम्मीदवारों ने अभी तक फॉर्म नहीं भरा है या आवेदन की प्रक्रिया अधूरी छोड़ दी है, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
8.78 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन, कई उम्मीदवारों की फीस बाकी
NTA के साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, अब तक जितने उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया है उनमें से 6,92,567 अभ्यर्थियों ने आवेदन शुल्क का भुगतान किया है। वहीं, 1,86,144 उम्मीदवारों की फीस जमा होना बाकी है।
किस चरण में अटके हैं उम्मीदवारों के आवेदन?
NTA के आंकड़ों के मुताबिक, बहुत से अभ्यर्थियों ने अभी आवेदन की सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी नहीं की हैं। 1,45,888 उम्मीदवारों के फोटो और हस्ताक्षर अपलोड होना बाकी है। वहीं, 7,512 उम्मीदवारों ने फोटो और हस्ताक्षर अपलोड कर दिए हैं, लेकिन फॉर्म सबमिट करना और फीस जमा करना बाकी है। इसके अलावा 32,744 उम्मीदवारों ने फॉर्म तो जमा कर दिया है, लेकिन परीक्षा शुल्क नहीं भरा है।
ऐसे उम्मीदवारों को आखिरी तारीख का इंतजार किए बिना अपना आवेदन पूरा कर लेना चाहिए। केवल रजिस्ट्रेशन कराने से आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं मानी जाएगी।
कब होगी UGC NET दिसंबर परीक्षा?
यूजीसी नेट दिसंबर 2026 की परीक्षा 14 दिसंबर से 19 दिसंबर 2026 के बीच कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित होने वाली है। यह परीक्षा सहायक प्रोफेसर, जूनियर रिसर्च फैलोशिप (JRF) और पीएचडी में प्रवेश के लिए पात्रता तय करने में अहम भूमिका निभाती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: क्या है CBSE का नया एजुकेशन एक्सपीरियंस सेंटर, जहां पढ़ाई का मिलेगा अनोखा अनुभव
