School Timing Change: उत्तर और मध्य भारत में सूरज की तपिश अब खतरनाक स्तर पर पहुंच गई है। पारा लगातार 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है, जिससे लू (Heatwave) का खतरा बढ़ गया है। बच्चों को इस जानलेवा गर्मी से बचाने के लिए विभिन्न राज्य सरकारों ने स्कूलों के संचालन में बड़े बदलाव किए हैं। कहीं स्कूलों के समय को सुबह का कर दिया गया है, तो कहीं समय से पहले ही ग्रीष्मकालीन अवकाश (Summer Vacation) की घोषणा कर दी गई है। जानिए आपके राज्य में स्कूलों को लेकर क्या नए नियम लागू किए गए हैं।
झारखंड में स्कूलों का टाइमटेबल बदला
झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने बढ़ते तापमान को देखते हुए प्रदेश के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के लिए नया टाइम-टेबल जारी किया है। 21 अप्रैल 2026 से लागू हुए आदेश के अनुसार -
केजी से कक्षा 8वीं तक: स्कूल सुबह 7:00 बजे से 11:30 बजे तक ही चलेंगे।
कक्षा 9वीं से 12वीं तक: पढ़ाई सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक होगी।
शिक्षकों को दोपहर 1:00 बजे तक रुककर गैर-शैक्षणिक कार्यों को निपटाने का निर्देश दिया गया है।
छत्तीसगढ़ में लंबी छुट्टियां
भीषण गर्मी के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने छात्रों को बड़ी राहत दी है। राज्य के सभी स्कूलों में 22 अप्रैल से 15 जून 2026 तक गर्मी की छुट्टियों का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है।
मध्य प्रदेश में बदला स्कूलों का समय
मध्य प्रदेश के ग्वालियर और सतना जैसे तपते जिलों में प्रशासन ने एहतियात बरतते हुए स्कूलों का समय सुबह 7:30 से दोपहर 12:30 बजे तक कर दिया है।
उत्तर प्रदेश में स्कूल के समय को बदलने की मांग
उत्तर प्रदेश में वर्तमान स्कूल समय (सुबह 8 से दोपहर 2 बजे) को लेकर शिक्षक संगठन विरोध जता रहे हैं। उनकी मांग है कि बढ़ती लू को देखते हुए छुट्टी का समय दोपहर 12:30 बजे किया जाए ताकि बच्चे दोपहर की तीखी धूप से बच सकें।
उत्तराखंड और तेलंगाना की 'वॉटर बेल' पहल
गर्मी से लड़ने के लिए तेलंगाना और उत्तराखंड जैसे राज्यों ने एक सराहनीय कदम उठाया है। यहां स्कूलों में 'वॉटर बेल' की शुरुआत की गई है। दिन में 3-4 बार विशेष घंटी बजाई जाती है, जिसके बाद सभी बच्चों के लिए पानी पीना अनिवार्य होता है। इसके अलावा, तेलंगाना सरकार ने खुले मैदान में क्लास लेने और समर कैंप के नाम पर एक्स्ट्रा क्लास चलाने पर भी पूरी तरह पाबंदी लगा दी है। प्रशासन का पूरा जोर इस बात पर है कि बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य से कोई समझौता न हो। अभिभावकों को भी सलाह दी जा रही है कि वे बच्चों को हाइड्रेटेड रखें और घर से बाहर निकलते समय सिर ढकने का उचित प्रबंध करें।
आज देखिये GSEB SSC 10th Result 2026 मार्कशीट डाउनलोड लिंक रोल नंबर वाइज पीडीऍफ़, ऑफिसियल वेबसाइट के लिंक्स, और पास परसेंटेज के लिए फॉलो करें हमारे लाइव ब्लॉग को सबसे लेटेस्ट अपडेट टाइम्स नाउ नवभारत एजुकेशन सेक्शन पर
