School Closed in Patna: पटना जिले के कई इलाको में सरकारी स्कूलों को 31 अगस्त तक बंद करने का आदेश दिया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह फैसला जिला मजिस्ट्रेट चद्रशेखर सिंह ने बाढ़ का खतरा देखते हुए लिया है। कहा जा रहा है कि हालात तब तक नॉर्मल नहीं होते हैं, तो छुट्टियों को आगे बढ़ाया जा सकता है। पटना जिला प्रशासन ने गांव के इलाकों में 76 सरकारी स्कूलों बंद रखने का आदेश दिया है।
जिला मजिस्ट्रेट चंद्रशेखर सिंह के जरिए मंगलवार को एक सर्कुलर जारी किया गया था। इस सर्कुलर के मुताबिक गंगा नदी में जल स्तर में बढ़ोतरी को देखते हुए पटना जिले के आठ ब्लॉकों में कुल 76 सरकारी स्कूल 31 अगस्त तक बंद रहेंगे।
इन इलाकों में बंद रहेंगे स्कूल
पटना जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के मुताबिक जिले के अथमलगोला, बाढ़, बख्तियारपुर, दानापुर, फतुहा, मनेर, मोकामा और पटना सदर प्रखंड के दियारा इलाके में बाढ़ का खतरा है। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए कुल 76 स्कूल तत्काल प्रभाव से 31 अगस्त तक बंद रहेंगे।
जिन पंचायतों में स्कूल बंद किए गए हैं उनमें रामनगर दियारा, इब्राहिमपुर, चिरैया रूपस, हरदासपुर दियारा, काला दियारा, रूपस महाजी, अकिलपुर, गंगहरा, हेतनपुर और माधवपुर है। इसके अलावा कासिमचक, मानस, पानापुर, पटलापुर हवेसपुर, मोमिंदपुर, गंगहरा, पाटलापुर, शिवनार और नकटा टोला दियारा भी शामिल हैं।
गुजरात में भारी बारिश का कहर
गुजरात में भारी बारिश का कहर जारी है। भारी बारिश की वजह से राज्य में 15 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं 23 हजार से ज्यादा लोगों को बाढ़ प्रभावित इलाकों से निकाला गया है। हालात को देखते हुए गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने एक इमरजेंसी मीटिंग बुलाई और केंद्र से अलग-अलग इलाकों के लिए सेना की टुकड़ियों की डिमांड की है।
