सरकारी शिक्षक की नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए अच्छी खबर है। सैनिक स्कूल कोडगु, कर्नाटक ने शिक्षक और जनरल एम्प्लॉई के पदों पर भर्ती निकाली है। इस भर्ती के तहत कुल 5 पद भरे जाएंगे। इनमें PGT केमिस्ट्री, TGT इंग्लिश, TGT हिंदी, TGT सोशल साइंस और जनरल एम्प्लॉई का एक-एक पद शामिल है। योग्य उम्मीदवार 21 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को अपना एप्लीकेशन फॉर्म और जरूरी दस्तावेज रजिस्टर्ड पोस्ट के जरिए भेजने होंगे। नीचे जानें शैक्षिक योग्यता, चयन प्रक्रिया और सैलरी से जुड़ी जानकारी।
कौन कर सकता है आवेदन?
जनरल एम्प्लॉई के पद के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना जरूरी है। इस पद के लिए आयु सीमा 18 से 50 वर्ष रखी गई है। PGT केमिस्ट्री पद के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित विषय में कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री और B.Ed होना जरूरी है। इस पद के लिए उम्र 21 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। वहीं TGT पदों के लिए संबंधित विषय में कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ ग्रेजुएशन या चार वर्षीय इंटीग्रेटेड डिग्री जरूरी है। इसके साथ B.Ed की डिग्री और CTET पेपर-2 या संबंधित TET पास होना भी आवश्यक है। TGT पद के लिए आयु सीमा 21 से 35 वर्ष है।
कैसे होगा चयन?
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को अपना एप्लीकेशन फॉर्म और जरूरी दस्तावेज रजिस्टर्ड पोस्ट के जरिए भेजने होंगे। शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को आगे लिखित परीक्षा, स्किल टेस्ट और इंटरव्यू की प्रक्रिया से गुजरना होगा। उम्मीदवार आवेदन करने से पहले भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन ध्यान से पढ़ लें और योग्यता, आयु तथा दस्तावेजों से जुड़ी सभी शर्तें जांच लें।
कितनी मिलेगी सैलरी?
चयनित उम्मीदवारों को 7वें वेतन आयोग के अनुसार वेतन दिया जाएगा। PGT पद पर नियुक्त उम्मीदवार को 47,600 रुपये प्रतिमाह, TGT को 44,900 रुपये और जनरल एम्प्लॉई को 18,000 रुपये प्रतिमाह की शुरुआती सैलरी मिलेगी।
