एजुकेशन

राजस्थान में मेडिकल ऑफिसर के 600 पदों पर होगी भर्ती, जानें कब शुरू होंगे आवेदन

राजस्थान में चिकित्सा अधिकारियों (Medical Officers) के 600 पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी। इसके लिए राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (RUHS) की ओर से भर्ती अधिसूचना जारी कर दी गई है।

Image

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

राजस्थान में सरकारी डॉक्टर बनने का सपना देख रहे मेडिकल उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर है। राज्य में चिकित्सा अधिकारियों (Medical Officers) के 600 पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी। इसके लिए राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (RUHS) की ओर से भर्ती अधिसूचना जारी कर दी गई है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खीवसर ने बताया कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश में चिकित्सा सेवाओं का विस्तार करने के साथ सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाना है। नई भर्ती से सरकारी चिकित्सा संस्थानों में डॉक्टरों की कमी दूर करने में मदद मिलेगी। सरकार का कहना है कि नई नियुक्तियों से खासतौर पर दूर-दराज और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। पर्याप्त संख्या में डॉक्टर उपलब्ध होने से आम लोगों को अपने ही क्षेत्र में समय पर और सुगम चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।

MBBS होना जरूरी

चिकित्सा अधिकारी के पदों पर आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी के पास MBBS की डिग्री होना अनिवार्य है। इसके अलावा लिखित परीक्षा की तिथि तक उम्मीदवार का राजस्थान मेडिकल काउंसिल में पंजीकरण होना भी जरूरी है। यानी केवल MBBS डिग्री होना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि निर्धारित समय तक वैध मेडिकल रजिस्ट्रेशन भी जरूरी है।

14 सितंबर से शुरू होंगे आवेदन

प्रमुख शासन सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ के अनुसार, भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 14 सितंबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 13 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले भर्ती अधिसूचना में दी गई सभी शर्तों और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी अच्छी तरह जांच लें।

पहले भी हुई 1699 डॉक्टरों की भर्ती

सरकार के मुताबिक, राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय की ओर से इससे पहले 1,699 पदों पर चिकित्सकों की सफल भर्ती की जा चुकी है और चयनित उम्मीदवारों को नियुक्तियां भी दी जा चुकी हैं। अब 600 नए चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती को सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था में मानव संसाधन बढ़ाने की दिशा में एक और अहम कदम माना जा रहा है।

Kuldeep Raghav
कुलदीप राघवauthor

कुलदीप राघव प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक अनुभव का रखने वाले पत्रकार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वह एजुकेशन सेक्शन को लीड कर रहे हैं। एजुकेशन सेक्टर की गहरी समझ और लगातार फील्ड-ओरिएंटेड रिपोर्टिंग के कारण कुलदीप इस बीट के भरोसेमंद पत्रकारों में गिने जाते हैं। वे स्कूल और उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाएं, एडमिशन और काउंसलिंग प्रोसेस, स्कॉलरशिप, करियर गाइडेंस, जॉब अलर्ट, स्किल डेवलपमेंट और युवाओं से जुड़े सामाजिक-शैक्षणिक मुद्दों पर तथ्यात्मक और आसान भाषा में खबरें पब्लिश करते हैं। कुलदीप ने अब तक 18,000 से अधिक बाइलाइन स्टोरीज लिखी हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, विश्लेषण, डेटा आधारित रिपोर्ट्स और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article