QS World University Rankings 2025 India List: हाल ही में क्यू. एस. वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग जारी की गई है। यह रैंकिंग बताती है कि किस फील्ड या कोर्स के मामले में दुनिया की टॉप यूनिवर्सिटी कौन सी है। इस लिस्ट के जारी होने से छात्रों को एडमिशन लेने के लिए कॉलेज या यूनिवर्सिटी के चुनाव में आसानी होती है। अब चूंकि इस बार भारत की यूनिवर्सिटी रैंकिंग में सुधार हुआ है, ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी ने छात्रों व फैकल्टी की तारीफ की है।
क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2025 में भारतीय विश्वविद्यालयों के प्रदर्शन में सुधार पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार 7 जून को देश के शिक्षा क्षेत्र की तारीफ की और कहा कि उनकी सरकार के अगले कार्यकाल में अनुसंधान एवं नवाचार को बढ़ावा दिया जाएगा।
पीएम मोदी ने एक्स (सोशल मीडिया) पर एक पोस्ट में कहा, "पिछले एक दशक में हमने शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण बदलाव पर फोकस किया है। क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में यह परिलक्षित हुआ है। उनकी कड़ी मेहनत और प्रतिबद्धता के लिए छात्र, फैकल्टी और संस्थान प्रशंसा के पात्र हैं। इस कार्यकाल में हम अनुसंधान एवं नवाचार को बढ़ावा देने के लिए और काम करना चाहते हैं।"
पढ़े क्या था पोस्ट - Narendra Modi's Tweet
प्रधानमंत्री ने क्यूएस क्वाकरेली साइमंड्स लिमिटेड के सीईओ एवं प्रबंध निदेशक नुंजिओ क्वाकरेली के पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए यह टिप्पणी की। एक्स पर अपने पोस्ट में क्वाकरेली ने लिखा है, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 साल में क्यूएस वर्ल्ड रैंकिंग में भारतीय विश्वविद्यालयों के प्रदर्शन में लगातार सुधार हुआ है। वर्ष 2015 में रैंकिंग में 11 (भारतीय) संस्थान थे जिनकी संख्या 318 प्रतिशत बढ़कर 46 हो गई है जो जी20 में के सबसे अधिक है।" उन्होंने इसके साथ प्रधानमंत्री कार्यालय को भी टैग किया है।

क्यू. एस. वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में भारतीय यूनिवर्सिटी ने लगाई छलांग
रिपोर्ट में कहा गया था कि पिछले एक दशक में सूची में जगह पाने वाले भारतीय संस्थानों की संख्या 318 प्रतिशत बढ़कर जी20 देशों में सर्वाधिक हो गई है। वर्ष 2015 में इसमें 11 भारतीय संस्थान थे जिनकी संख्या अब 46 हो गई है।
(IANS इनपुट के साथ)
