Patna School Closed: बिहार की राजधानी पटना सहित राज्य के कई जिले भीषण गर्मी और हीटवेव का प्रकोप जारी है। दोपहर के समय आसमान से बरसती आग और तेज धूप के कारण आमलोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। इससे जनजीवन प्रभावित नजर आ रहा है। इस तपती गर्मी और हीटवेव का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पटना के जिलाधिकारी (DM) त्यागराजन ने पटना के स्कूलों को लेकर एक बड़ा आदेश जारी किया है।
पांचवीं कक्षा तक बंद रहेंगे स्कूल
पटना जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में 5वीं क्लास तक के छात्रों के लिए बंद कर दिए गए हैं। इसके साथ ही सभी प्री-स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र भी इस अवधि के दौरान बंद रहेंगे। जानकारी के लिए बता दें कि जिलाधिकारी का यह आदेश 22 मई से 26 मई तक प्रभावी रहेगा।
कक्षा 6 से 8 का बदला समय
कक्षा 5वीं तक स्कूल बंद करने के आदेश के साथ कक्षा 6 से 8वीं तक स्कूलों का समय बदलने (Patna School Timings) का फैसला भी लिया गया है। नए नियम के तहत, इन कक्षाओं की पढ़ाई सुबह के समय होगी और हर हाल में सुबह 10:30 बजे तक सभी छात्र-छात्राओं की छुट्टी कर दी जाएगी, ताकि वह समय से घर पहुंच जाए और वह दोपहर की भीषण तपिश और लू की चपेट में आने से बच सकें।
पटना में 40 के पार तापमान
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पटना में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पार कर चुका है। दोपहर के चिलचिलाती धूप और हीटवेव के कारण समय सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले 3-4 दिनों तक पटना और आसपास के इलाकों का मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा और तीखी धूप के कारण तापमान में और अधिक बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
पटना के साथ इन जिलों में स्कूल रहेंगे बंद
बिहार में भीषण गर्मी का प्रकोप केवल पटना तक नहीं है। अन्य जिलों में भी आसमान से आग बरस रही है। इसे देखते हुए सासाराम में छोटे बच्चों के स्कूल आगामी 31 मई तक के लिए बंद कर दिए गए हैं। गया जिले में प्रशासन ने एहतियात के तौर पर 25 मई तक प्राथमिक स्कूलों को बंद रखने का निर्णय लिया है। वहीं छपरा और कैमूर में 5वीं तक के स्कूलों पर पहले ही पाबंदी लगाई जा चुकी है।
