एजुकेशन

परीक्षा से पहले WhatsApp पर वायरल हुआ पेपर, विक्रम देव विश्वविद्यालय में स्थगित हुई प्लस 3 की परीक्षा

ओडिशा के जयपुर से एक बार फिर एग्जाम से पहले पेपर लीक का मामला सामने आया है। इसके चलते विक्रम देव विश्वविद्यालय में Plus 3 सेकंड सेमेस्टर की अनिवार्य अंग्रेजी की परीक्षा स्थगित कर दी गई है।

Image

विक्रम देव विश्वविद्यालय में स्थगित हुई Plus 3 की परीक्षा

ओडिशा के जयपुर स्थित विक्रम देव विश्वविद्यालय में Plus 3 सेकंड सेमेस्टर की अनिवार्य अंग्रेजी की परीक्षा स्थगित कर दी गई है। परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र के WhatsApp पर कथित तौर पर वायरल होने के बाद विश्वविद्यालय ने यह फैसला लिया। यह परीक्षा Ability Enhancement Course (AEC) के तहत होनी थी। इसमें आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स के सेकंड सेमेस्टर के छात्र शामिल होने वाले थे।

19 सितंबर से होनी थी परीक्षा

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा 19 सितंबर को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जानी थी। इसके लिए विश्वविद्यालय के अंतर्गत करीब 52 परीक्षा केंद्रों पर तैयारियां की गई थीं। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक रंजन प्रधान के अनुसार, विश्वविद्यालय प्रशासन को शनिवार सुबह करीब 11 बजे कुछ छात्रों से प्रश्नपत्र कथित तौर पर WhatsApp ग्रुप में पहले ही प्रसारित होने की जानकारी मिली। परीक्षा दोपहर 2 बजे शुरू होनी थी।

पारदर्शिता और निष्पक्षता के लिए स्थगित हुई परीक्षा

जानकारी मिलने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने WhatsApp पर प्रसारित प्रश्नपत्र की जांच की। परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने परीक्षा स्थगित करने का फैसला किया। साथ ही किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए परीक्षा को आगे के लिए टाल दिया गया।

साइबर पुलिस थाने में शिकायत

मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन ने कोरापुट साइबर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। अब जांच की जा रही है कि प्रश्नपत्र WhatsApp तक कैसे पहुंचा और सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया प्रश्नपत्र वास्तविक प्रश्नपत्र से कितना मेल खाता है।

नई तारीख की घोषणा बाद में

परीक्षा स्थगित होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से नए प्रश्नपत्र के साथ परीक्षा आयोजित करने की तैयारी की जाएगी। स्थगित परीक्षा की नई तारीख और समय की घोषणा विश्वविद्यालय द्वारा अलग से की जाएगी। परीक्षा नियंत्रक रंजन प्रधान ने बताया कि परीक्षा निकट भविष्य में आयोजित की जा सकती है, हालांकि नई तारीख और समय को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

यहां मिलेगी परीक्षा से संबंधित जानकारी

विश्वविद्यालय ने छात्रों से अपील की है कि वे WhatsApp या सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी संदेश या अफवाह पर भरोसा न करें और परीक्षा से संबंधित जानकारी के लिए केवल विश्वविद्यालय की आधिकारिक सूचना पर निर्भर रहें। बता दें फिलहाल, साइबर पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि छात्र नई परीक्षा तारीख की आधिकारिक घोषणा का इंतजार कर रहे हैं।

Aditya Singh
आदित्य सिंहauthor

आदित्य सिंह टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में एजुकेशन सेक्शन पर लिखते हैं। मीडिया में 5 साल का अनुभव रखने वाले आदित्य सिंह स्कूली शिक्षा से लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं, जॉब वैकेंसी, करियर ऑप्शन्स, बोर्ड रिजल्ट, एग्जाम टिप्स और करंट अफेयर्स—इन सभी पर उनकी पकड़ मजबूत है। तेजी से खबर ब्रेक करना और युवाओं को उपयोगी और प्रेरक जानकारी देना उनकी प्रमुख विशेषताओं में शामिल है। पांच साल से आदित्य सिंह लगातार एजुकेशन सेक्शन के लिए खबरें लिख रहे हैं और छह हजार से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। एक एजुकेशन राइटर के रूप में उनका फोकस हमेशा यही रहता है कि छात्रों और युवाओं तक सटीक, समय पर और उपयोगी जानकारी सबसे पहले पहुंचे।

और पढ़ें
End of Article