Odisha Board 12th Result 2026: ओडिशा के काउंसिल ऑफ हायर सेकेंडरी एजुकेशन (CHSE) की कक्षा 12वीं यानी प्लस टू की बोर्ड परीक्षा देने वाले छात्रों के लिए के लिए एक बड़ी खबर है। आर्ट्स, साइंस, कॉमर्स और वोकेशनल स्ट्रीम के 4.1 लाख से अधिक छात्रों का इंतजार अब पूरी तरह खत्म होने जा रहा है। बोर्ड द्वारा नतीजों की घोषणा के जल्द ही किए जाने के संकेत डिजिलॉकर (DigiLocker) द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट के माध्यम से दिए गए हैं। छात्र रिजल्ट जारी होन के बाद अपनी डिजिटल मार्कशीट आधिकारिक वेबसाइट के अलावा डिजिलॉकर के माध्यम से भी आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं।
ओडिशा 12वीं रिजल्ट कब आएगा?
आधिकारिक तौर पर घोषित शेड्यूल के अनुसार, CHSE ओडिशा कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम 20 मई 2026 को दोपहर 12:30 बजे जारी किया जा रहा है। राज्य के स्कूल व जन शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से नतीजों की आधिकारिक घोषणा करेंगे। इसके तुरंत बाद रिजल्ट का लिंक बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के साथ-साथ डिजिलॉकर के रिजल्ट पेज पर भी लाइव कर दिया जाएगा।
कब हुई थी ओडिशा 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026?
इस साल ओडिशा बोर्ड की प्लस टू (Class 12) थ्योरी परीक्षाएं 18 फरवरी 2026 से शुरू होकर 25 मार्च 2026 तक आयोजित की गई थी। परीक्षा पूरी तरह से ऑफलाइन यानी पारंपरिक पेन-एंड-पेपर मोड में कराई गई थी। वहीं, इससे पहले मुख्य प्रैक्टिकल परीक्षाएं 2 जनवरी से 15 जनवरी 2026 के बीच सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई थी। परीक्षा खत्म होने के बाद से ही छात्र अपने स्कोरकार्ड का उत्सुकता से इंतजार कर रहे हैं।
डिजिलॉकर से कैसे करें डाउनलोड?
स्टेप 1 - सबसे पहले डिजिलॉकर के आधिकारिक रिजल्ट पोर्टल results.digilocker.gov.in पर जाएं या अपने स्मार्टफोन में डिजिलॉकर ऐप खोलें।
स्टेप 2 - होमपेज पर 'CHSE Odisha' या 'Odisha Board Class XII Result 2026' के लिंक पर क्लिक करें।
स्टेप 3 - अब अपने एडमिट कार्ड पर दर्ज अपना रोल नंबर (Roll Number) और रजिस्ट्रेशन नंबर (Registration Number) दर्ज करें।
स्टेप 4 - विवरण सबमिट करते ही आपकी कक्षा 12वीं की प्रोविजनल मार्कशीट स्क्रीन पर आ जाएगी।
स्टेप 5 - इसे भविष्य के संदर्भ और कॉलेज एडमिशन के लिए डाउनलोड करें या प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।
छात्रों को बता दें कि डिजिलॉकर पर जारी मार्कशीट वैध मानी जाती है, जिसका इस्तेमाल वह एडमिशन आदि के लिए कर सकते हैं। इसके अलावा ओरिजनल मार्कशीट संबंधित स्कूल से प्राप्त की जा सकती है।
