NMMSS 2026: दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय (DoE) ने नेशनल मीन्स-कम-मेरिट स्कॉलरशिप स्कीम (NMMSS) परीक्षा 2026 का शेड्यूल जारी कर दिया है। कक्षा 8 में पढ़ने वाले योग्य छात्रों के लिए यह परीक्षा 5 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 9 सितंबर से शुरू हो चुकी है और स्कूलों के माध्यम से 5 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कराया जा सकता है। दिल्ली शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर NMMSS परीक्षा से जुड़ी सूचना भी उपलब्ध है, जिससे उम्मीदवार देख सकते हैं।
कौन ले सकता है हिस्सा
यह परीक्षा दिल्ली सरकार के तहत आने वाले सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और स्थानीय निकाय के स्कूलों में कक्षा 8 में पढ़ रहे छात्रों के लिए है। इसके लिए कक्षा 7 के अंकों और परिवार की आय से जुड़ी शर्तें भी पूरी करनी होंगी।
जनरल और OBC छात्रों के लिए शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कक्षा 7 में कम से कम 55 प्रतिशत अंक जरूरी हैं। वहीं SC, ST और PH वर्ग के छात्रों को कम से कम 50 प्रतिशत अंक हासिल करने चाहिए। परिवार की सभी स्रोतों से सालाना आय 3.5 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके लिए SDM या तहसीलदार द्वारा जारी वैध आय प्रमाण पत्र देना होगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: मध्य प्रदेश में पुलिस कांस्टेबल के 7500 पदों पर बंपर भर्ती, जानें कब से कब तक कर सकेंगे आवेदन
कितनी मिलेगी स्कॉलरशिप
चयनित छात्रों को कक्षा 9 से 12 तक पढ़ाई जारी रखने के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है। योग्य छात्रों को शिक्षा मंत्रालय के नियमों के अनुसार हर महीने 1,000 रुपये यानी सालाना 12,000 रुपये की स्कॉलरशिप मिलती है। यह सहायता कक्षा 12 तक जारी रह सकती है, अगर छात्र तय शर्तें पूरी करता रहे। दिल्ली में इस योजना के तहत चयनित छात्रों को राज्य कोटे के अनुसार शिक्षा मंत्रालय को नामित किया जाता है।
पेपर के बारे में
परीक्षा में दो पेपर होंगे। पहला मेंटल एबिलिटी टेस्ट (MAT) और दूसरा स्कॉलास्टिक एप्टीट्यूड टेस्ट (SAT) होगा। दोनों पेपर में 90-90 प्रश्न होंगे और प्रत्येक 90 अंक का होगा। परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी। जनरल और OBC छात्रों को दोनों पेपर में कम से कम 40 प्रतिशत, जबकि SC, ST और PH छात्रों को 32 प्रतिशत अंक हासिल करने होंगे।
कैसे होगा रजिस्ट्रेशन
NMMSS 2026 के लिए छात्र खुद ऑनलाइन आवेदन नहीं करेंगे। स्कूल के प्रमुख (HoS) अपनी स्कूल लॉगिन आईडी और पासवर्ड से योग्य छात्रों का रजिस्ट्रेशन करेंगे। आवेदन में नाम, जन्म तिथि और पिता के नाम समेत सभी जानकारी आधार रिकॉर्ड के अनुसार सही भरना जरूरी है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: SBI में स्पेशलिस्ट ऑफिसर बनने का अवसर, 207 पद खाली, 5 सितंबर तक करें आवेदन
