आमतौर पर 18 साल की उम्र में छात्र स्कूल की पढ़ाई पूरी करने या कॉलेज में दाखिला लेने की तैयारी कर रहे होते हैं। लेकिन अमेरिका के मिसिसिपी के रहने वाले जेम्स 'जिमी चिलीमिग्रास' ने इसी उम्र में कानून की पढ़ाई पूरी कर Juris Doctor (JD) की डिग्री हासिल कर ली है। उन्होंने Loyola University New Orleans College of Law से यह डिग्री सर्वोच्च सम्मान के साथ पूरी की। जिमी अपनी कक्षा के शीर्ष 2 प्रतिशत छात्रों में शामिल रहे। उन्हें 40 प्रतिशत से ज्यादा विषयों में सबसे अधिक अंक मिले। विश्वविद्यालय का मानना है कि वह लुइसियाना के सबसे कम उम्र में लॉ स्कूल से ग्रेजुएट होने वाले लोगों में, संभवतः सबसे कम उम्र के छात्र हैं।
पांच क्षेत्रों में एक्सपर्टीज
जिमी की उपलब्धि सिर्फ कम उम्र में कानून की डिग्री हासिल करने तक सीमित नहीं है। उन्होंने कानून के पांच अलग-अलग क्षेत्रों में concentration certificates भी प्राप्त किए। इनमें टैक्सेशन लॉ, सोशल जस्टिस, इमिग्रेशन एंड सिटिजनशिप लॉ, इंटरनेशनल लीगल स्टडीज तथा टेक्नोलॉजी एंड एंटरप्रेन्योरशिप शामिल हैं। यूनिवर्सिटी के अधिकारियों के अनुसार, एक ही लॉ स्कूल से इन पांच क्षेत्रों में प्रमाणपत्र हासिल करने का उनका यह प्रयास असाधारण है।
बचपन से रहे हैं प्रतिभावान
जिमी सात भाई-बहनों में सबसे बड़े हैं। वह केवल दो साल के थे, तभी से उनकी भाषा संबंधी क्षमता सामान्य बच्चों से काफी आगे दिखाई देने लगी थी। वह इतनी कम उम्र में ही पूरे वाक्य बोलने लगे थे। यही वजह है कि उनकी पढ़ाई भी सामान्य गति से कहीं ज्यादा तेजी से आगे बढ़ी। महज 12 साल की उम्र में उन्होंने St. John Paul the Great School से हाई स्कूल की पढ़ाई पूरी कर ली थी। इसके बाद उन्होंने कम उम्र में पारंपरिक कॉलेज जाने के बजाय Western Governors University से ऑनलाइन पढ़ाई शुरू की। 15 साल की उम्र में उन्होंने अकाउंटिंग में बैचलर और मास्टर डिग्री दोनों हासिल की।
IP University UG Admission 2026: CUET UG के जरिए एडमिशन की आखिरी तारीख बढ़ी, 18 अगस्त तक करें आवेद
दुनिया के सबसे कम उम्र के CPA में शामिल
अकाउंटिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद जिमी ने प्रोफेशनल एग्जाम पास किए और Certified Public Accountant यानी CPA बने। उन्हें व्यापक रूप से दुनिया के सबसे कम उम्र में CPA बनने वाले लोगों में गिना जाता है।
इसके बाद उन्होंने कानून के क्षेत्र में कदम रखने का फैसला किया। वर्ष 2023 में उन्होंने Law School Admission Test यानी LSAT दिया और 180 में से 174 अंक हासिल किए। Loyola University के अनुसार, यह स्कोर मिसिसिपी, अलबामा और लुइसियाना में उस समय का सबसे ऊंचा दर्ज स्कोर था।
15 साल की उम्र में शुरू की लॉ की पढ़ाई
जिमी ने 2023 के Loyola University New Orleans College of Law में प्रवेश लिया। उस समय उनकी उम्र सिर्फ 15 साल थी। लॉ की पढ़ाई के अंतिम वर्ष में जिमी को Loyola के Stuart H. Smith Law Clinic में Rule XX Student Practitioner के रूप में काम करने का अवसर मिला। महज 18 साल की उम्र तक वह न केवल कानून की पढ़ाई पूरी कर चुके थे, बल्कि व्यावहारिक कानूनी काम यानी Practical legal work का अनुभव भी हासिल कर चुके थे।
अब आगे क्या?
वह Northwestern University Pritzker School of Law में Master of Laws यानी LLM की पढ़ाई करेंगे। उनका स्पेशलाइजेशन Taxation में होगा। अगर वह अपनी आगे की पढ़ाई भी इसी रफ्तार से पूरी करते हैं, तो 20 साल की उम्र से पहले उनकी चौथी उच्च शिक्षा की डिग्री पूरी हो सकती है।
