MCL Recruitment 2026 : कोल इंडिया लिमिटेड की सहायक कंपनी महानदी कोलफील्ड्सलिमिटेड (MCL) ने युवाओं के लिए एक बड़ी भर्ती का ऐलान किया है। कंपनी ने साल 2026 के लिए कुल 500 पदों पर भर्ती निकालते हुए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती अभियान के तहत असिस्टेंट फोरमैन और टेक्नीशियन ट्रेनी के पदों को भरा जाएगा। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे आईटीआई, डिप्लोमा और इंजीनियरिंग डिग्री धारकों के लिए यह सुनहरा मौका माना जा रहा है। इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की लास्ट डेट 28 मई 2026 तय की गई है।
किन-किन पदों पर होगी भर्ती ? MCL recruitment 2026
जारी रोजगार अधिसूचना के अनुसार असिस्टेंट फोरमैन (इलेक्ट्रिकल) ट्रेनी टी एंड एस ग्रेड C (E&M) के कुल 150 पदों पर भर्ती होगी। वहीं टेक्नीशियन (इलेक्ट्रिकल) ट्रेनी कैट-III (E&M) के 350 पद निर्धारित किए गए हैं। भर्ती में आरक्षण नियमों का भी पालन किया जाएगा। नोटिफिकेशन में बताया गया है कि पदों को विभिन्न श्रेणियों में बांटा गया है, जिसमें अनारक्षित, एससी, एसटी, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को आरक्षण का लाभ मिलेगा।
जानें एजुकेशनल क्वालिफिकेशन
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो असिस्टेंट फोरमैन पद के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित ट्रेड में डिप्लोमा या इंजीनियरिंग डिग्री होना जरूरी है। वहीं टेक्नीशियन ट्रेनी पद के लिए मान्यता प्राप्त संस्थान से आईटीआई पास अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवारों को आवेदन करते समय सभी जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे।
कितनी मिलेगी सैलरी ?
वेतन की बात करें तो असिस्टेंट फोरमैन पद पर चयनित उम्मीदवारों को लगभग 47 हजार रुपये प्रतिमाह तक का बेसिक पे मिलेगा। वहीं टेक्नीशियन ट्रेनी पद के लिए करीब 1583 रुपये प्रतिदिन का वेतन तय किया गया है। इसके अलावा कंपनी के नियमों के अनुसार अन्य भत्तों का लाभ भी दिया जाएगा।
चयन प्रकिया की डीटेल्स
चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल टेस्ट शामिल हो सकते हैं। हालांकि विस्तृत चयन प्रक्रिया की जानकारी आधिकारिक नोटिफिकेशन में दी गई है। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले नोटिफिकेशन को ध्यान से पढ़ लें।एमसीएल की ये भर्ती ऐसे समय में आई है जब बड़ी संख्या में युवा सरकारी और पब्लिक सेक्टर की नौकरियों की तलाश कर रहे हैं। ऐसे में यह भर्ती अभियान हजारों अभ्यर्थियों के लिए रोजगार का बड़ा अवसर साबित हो सकता है।
