एजुकेशन

सांप के काटने से छात्राओं की मौत: महाराष्ट्र सरकार ने रद्द की स्कूल की मान्यता

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में हाल में सांप के काटने से तीन आदिवासी छात्राओं की मौत के बाद राज्य के आदिवासी विकास विभाग ने एक सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालय की मान्यता स्थायी रूप से रद्द कर दी है।

Image

Maharashtra School Snake Bite

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में हाल में सांप के काटने से तीन आदिवासी छात्राओं की मौत के बाद राज्य के आदिवासी विकास विभाग ने एक सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालय की मान्यता स्थायी रूप से रद्द कर दी है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि इस फैसले का मतलब है कि जपतलाई का ’आश्रम’ (आवासीय) विद्यालय बंद कर दिया जायेगा और छात्रों को आसपास के आदिवासी स्कूलों में दाखिला दिया जायेगा। विद्यालय में छह छात्राओं को नौ अगस्त की रात को सांप ने काट लिया था। बताया जा रहा है कि सांप ’कॉमन करैत’ की प्रजाति का था।

इनमें से तीन छात्राओं की मौत हो गई थी जबकि अन्य को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। अतिरिक्त जनजातीय आयुक्त (नागपुर) आयुषी सिंह ने ’पीटीआई भाषा’ को बताया कि 233 विद्यार्थियों वाला यह आवासीय विद्यालय सरकारी सहायता प्राप्त था। उन्होंने बताया कि सांप काटने की घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था।

स्कूल की मान्यता रद्द

उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में विद्यालय की ओर से दिए गए स्पष्टीकरण की समीक्षा के बाद महाराष्ट्र आदिवासी विकास विभाग ने संबंधित विद्यालय की मान्यता रद्द करने का फैसला किया। सिंह ने बताया कि इसी के तहत, विभाग ने हाल में धनोरा तालुका के जपतलाई गांव में कुपरलिंगो शैक्षणिक और सांस्कृतिक विकास अनुसंधान संस्थान द्वारा चलाए जा रहे आवासीय आदिवासी स्कूल की मान्यता रद्द कर दी है।

उन्होंने कहा कि मान्यता रद्द होने के साथ विद्यालय बंद हो जाएगा और विद्यार्थियों के अभिभावकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए उन्हें आसपास के आश्रम विद्यालयों में दाखिला दिया जाएगा। एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि सांप के काटने से प्रभावित छह छात्रों में शामिल 14 साल की एक लड़की की हालत ब्रेन सर्जरी के बावजूद गंभीर बनी हुई है।

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने आदिवासी छात्राओं की मौत के मामले में महाराष्ट्र के मुख्य सचिव को नोटिस जारी किया है और राज्य सरकार से घटना पर रिपोर्ट मांगी है। इस बीच, महाराष्ट्र सरकार ने सांप के काटने को ’अधिसूचित बीमारी’ घोषित कर दिया है। इसके तहत सभी अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और स्वास्थ्यकर्मियों के लिए सर्पदंश के प्रत्येक संदिग्ध या पुष्ट मामले तथा उससे होने वाली प्रत्येक मौत की सूचना देना अनिवार्य कर दिया गया है।

(भाषा इनपुट के साथ)

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article