Jharkhand Board 10th Exam Cancelled: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने दसवीं बोर्ड के विज्ञान और हिंदी के पेपर लीक की पुष्टि होने के बाद दोनों विषयों की परीक्षा रद्द कर दी है। झारखंड बोर्ड की तरफ से हिंदी (कोर्स ए और बी) की परीक्षा 18 फरवरी को ली गई थी। वहीं, विज्ञान की परीक्षा 20 फरवरी को पहली पाली में आयोजित की गई थी। इन दोनों परीक्षाओं को रद्द कर दिया गया है।
झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) के अध्यक्ष के आदेश से सचिव की ओर से जारी सूचना में बताया गया है कि इन दोनों पत्रों की पुनर्परीक्षा की तिथियां बाद में घोषित की जाएंगी। 19 फरवरी को विज्ञान का प्रश्न पत्र वायरल हो रहा था। इसकी प्रतिलिपि लेकर छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने बुधवार को काउंसिल के पदाधिकारियों से मुलाकात की थी।
Jharkhand Board Paper Leak: पेपर लीक की घटना
गुरुवार को सुबह 9:45 बजे जब परीक्षा शुरू हुई तो पेपर हू-ब-हू वही था, जो पहले से वायरल हो रहा था। इसकी जानकारी तत्काल राज्य सरकार को दी गई, जिसके बाद पेपर रद्द करने की प्रशासनिक कवायद चल रही है। काउंसिल के अध्यक्ष नटवा हांसदा ने कहा है कि पेपर कैसे लीक हुआ, इसकी जांच के लिए हाई लेवल कमेटी गठित की जाएगी।
पेपर लीक की जानकारी मिलने के बाद राज्य की मुख्य सचिव अलका तिवारी ने इस मुद्दे पर गुरुवार दोपहर हाई लेवल मीटिंग की। सरकार ने इसकी उच्चस्तरीय जांच कराने का निर्णय लिया है। इसके पहले हिंदी का प्रश्न पत्र लीक होने की भी पुरजोर चर्चा थी।
छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने काउंसिल के सचिव को सौंपे गए एक ज्ञापन में भी इसकी जानकारी दी थी। हालांकि, उस वक्त काउंसिल ने आम सूचना जारी कर परीक्षार्थियों से प्रश्न पत्र वायरल होने की अफवाहों से दूर रहने की अपील की थी।
7 लाख छात्र-छात्राएं दे रहीं परीक्षा
झारखंड बोर्ड परीक्षा के लिए 7 लाख से ज्यादा छात्र छात्राओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने सभी छात्रों से आग्रह किया है कि बोर्ड से संबंधित कोई भी जानकारी लेने के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर ही जाएं, छात्र किसी की बातों में न आएं।
