JMI admission 2026: देश की प्रतिष्ठित केंद्रीय यूनिवर्सिटी जामिया मिलिया इस्लामिया (JMI) ने नौकरीपेशा और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लाखों छात्रों को उच्च शिक्षा का बेहतरीन अवसर दिया है। यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (CDOE) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कुल 49 डिस्टेंस और ऑनलाइन कोर्सेज में प्रवेश की प्रक्रिया आधिकारिक तौर पर शुरू कर दी है। जो अभ्यर्थी पारिवारिक जिम्मेदारियों या नौकरी के कारण नियमित कॉलेज जाकर पढ़ाई करने में असमर्थ हैं, वे जामिया के इस डिस्टेंस और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जुड़कर अपनी पढ़ाई पूरी कर सकते हैं। इच्छुक छात्र यूनिवर्सिटी के आधिकारिक एडमिशन पोर्टल admission.jmi.ac.in के माध्यम से अपना ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं।
आवेदन की अंतिम तिथि और शेड्यूल
जामिया सीडीओई में प्रवेश के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों को समय सीमा का विशेष ध्यान रखना होगा:
| आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि | 10 अगस्त 2026 |
| प्रवेश परीक्षा (MBA व B.Ed) | 22 अगस्त 2026 |
| दस्तावेज़ सत्यापन और फीस जमा | 31 अगस्त से 10 सितंबर 2026 |
इस सत्र में जुड़े दो नए ऑनलाइन कोर्सेज
यूनिवर्सिटी ने छात्रों की बढ़ती मांग और आधुनिक जरूरतों को देखते हुए इस सत्र में दो नए ऑनलाइन कोर्सेज शामिल किए हैं:
बैचलर ऑफ साइंस - B.Sc (बायोसाइंसेज)
मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (MBA)
ये दोनों पाठ्यक्रम पूरी तरह ऑनलाइन मोड में संचालित किए जाएंगे। इनमें अभ्यर्थियों का चयन योग्यता परीक्षा (Merit) के अंकों और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा।
उपलब्ध प्रमुख कोर्सेज की सूची
जामिया सीडीओई के तहत अंडरग्रेजुएट, पोस्टग्रेजुएट, डिप्लोमा और सर्टिफिकेट स्तर पर कई विकल्प उपलब्ध हैं:
पोस्टग्रेजुएट (PG): हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, भूगोल, इतिहास, इस्लामिक स्टडीज, पॉलिटिकल साइंस, सोशियोलॉजी, पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन, ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट और एजुकेशन में एमए (M.A.), एमकॉम (M.Com) तथा एमबीए।
अंडरग्रेजुएट (UG): बीए, बीकॉम और बीबीए।
डिप्लोमा व सर्टिफिकेट: गाइडेंस एंड काउंसलिंग में पीजी डिप्लोमा, अर्ली चाइल्डहुड केयर एंड एजुकेशन में डिप्लोमा, मास मीडिया व एजुकेशनल मीडिया प्रोडक्शन में एडवांस्ड डिप्लोमा और आईटी तथा कंप्यूटर हार्डवेयर नेटवर्किंग में सर्टिफिकेट कोर्स।
चयन और दाखिला प्रक्रिया
मेरिट आधारित दाखिला: अधिकांश डिप्लोमा, यूजी और पीजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश पिछली योग्यता परीक्षा में प्राप्त अंकों की मेरिट के आधार पर दिया जाएगा।
प्रवेश परीक्षा: B.Ed और MBA (ODL) कोर्सेज के लिए 22 अगस्त 2026 को जामिया कैंपस में प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी।
सत्यापन और पुष्टि: चयनित उम्मीदवारों को उनकी ईमेल आईडी पर चयन की पुष्टि भेजी जाएगी, जिसके बाद 31 अगस्त से 10 सितंबर 2026 के बीच भौतिक दस्तावेज़ सत्यापन कराकर शुल्क जमा करना होगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - NEET UG 2026: नीट काउंसलिंग में क्या है ऑल इंडिया कोटा और स्टेट कोटा? आवेदन से पहले दोनों में अंतर जानना जरूरी
छात्रों के लिए क्यों खास है यह मौका?
केंद्रीय विश्वविद्यालय से मिलने वाली डिस्टेंस डिग्रियों की मान्यता देश-विदेश में पूरी तरह वैध और भरोसेमंद होती है। ऐसे अभ्यर्थी जो जॉब के साथ अपनी योग्यता बढ़ाना चाहते हैं, वे 10 अगस्त 2026 की अंतिम तिथि से पहले अपना आवेदन अवश्य पूरा कर लें।
