Indian Army Agniveer Rally 2026: भारतीय सेना में शामिल होने का सपना लिए देशसेवा का जज्बा रखने वाले लाखों युवा देश के अलग-अलग जोन में हो रही अग्निवीर रैलियों में शामिल हो रहे हैं। लेकिन कई बार जानकारी की कमी, जल्दबाजी और गलतफहमी के कारण कई उम्मीदवार रैली से पहले और इसके दौरान कुछ ऐसी गलियां कर देते हैं, जिससे उनकी महीनों-सालों की मेहनत एक झटके में मिट्टी में मिल जाती है। इन गलतियों के कारण कई उम्मीदवारों को अयोग्य घोषित कर दिया जाता है। इसलिए आर्मी डायरेक्टरेट जनरल ऑफ रिक्रूटिंग द्वारा इनसे बचने के लिए कुछ विशेष दिशा-निर्देश (Agniveer Rally 2026 Dos and Donts) जारी किए गए हैं। आइए आपको उनके बारे में विस्तार से बताएं, ताकि जब आप अग्निवीर रैली में शामिल होने जा रहे हों तो आप इन गलतियों के कारण इससे बाहर न हो जाए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - SSB भर्ती नियमों में बड़ा बदलाव, पूर्व अग्निवीरों के लिए 50% आरक्षण, उम्र और पीईटी-पीएसटी में भी छूट
भर्ती मैदान पहुंचने से पहले और रैली के दौरान बरतें ये सावधानियां
सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए अभ्यर्थियों को उन गलतियों के प्रति सतर्क किया है जो आमतौर पर मैदान पर या उससे पहले देखने को मिलती हैं।
| दस्तावेजों में हेरफेर | किसी भी प्रकार के जाली, फर्जी या गलत कागजात के साथ रैली स्थल पर पहुंचने की भूल न करें। ऐसा करने पर कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है। |
| दलालों और ठगों से सावधान | अग्निवीर भर्ती पूरी तरह निष्पक्ष और योग्यता पर आधारित होती है। सिलेक्शन कराने के नाम पर किसी भी अजनबी या दलाल को पैसे न दें। |
| केवल आधिकारिक स्टाफ पर भरोसा करें | किसी भी नियम, समय या जानकारी में संशय होने पर केवल भर्ती कार्यालय (ARO/ZRO) के कर्मचारियों से ही संपर्क करें, किसी बाहरी व्यक्ति से नहीं। |
| स्वास्थ्य और चोट का रखें ध्यान | यदि आप हाल ही में बीमार हुए हैं या आपको ऐसी कोई शारीरिक चोट लगी है जो पूरी तरह ठीक नहीं हुई है, तो जोखिम उठाकर रैली में भाग न लें। |
| अनुशासन बनाए रखें | भर्ती स्थल पर अन्य अभ्यर्थियों या स्टाफ के साथ बहस व झगड़े से बचें। असामाजिक गतिविधियों और महिलाओं के प्रति किसी भी अनुचित व्यवहार से दूर रहें। |
| कीमती सामान न लाएं | रैली स्थल पर महंगे मोबाइल फोन, गहने या अन्य कीमती सामान साथ लाने से बचें, क्योंकि इनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी स्वयं अभ्यर्थी की होती है। |
| तय तारीख पर ही पहुंचें | अपने संबंधित जिले या ट्रेड के लिए आवंटित तिथि और समय पर ही भर्ती स्थल पर उपस्थित हों। |
फिजिकल व मेडिकल के बाद इन बातों का रखें विशेष ध्यान
अग्निवीर रैली में तैयार होने वाले उम्मीदवारों को फिजिकल और शुरुआती चरण पार करने के बाद भी अंतिम चयन तक बेहद सतर्क रहने की आवश्यकता है।
| मेडिकल जांच में समय का पालन | यदि आपको मेडिकल री-रिव्यू के लिए किसी सैन्य अस्पताल (Military Hospital) में भेजा गया है, तो तय समय पर ही रिपोर्ट करें। |
| लिखित परीक्षा (CEE) में लापरवाही न करें | कॉमन एंट्रेंस एग्जाम के दिन समय पर पहुंचें। अनुपस्थित रहने या अपनी जगह किसी अन्य व्यक्ति को भेजने की कोशिश भारी पड़ सकती है। |
| ट्रेनिंग रिपोर्टिंग | अंतिम मेरिट लिस्ट में चयन के बाद ट्रेनिंग सेंटर पर निर्धारित तिथि और समय पर ही अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं। |
रैली से पहले क्या करें
- उम्मीदवारों रैली से पहले 1.6 किलोमीटर की दौड़ और अन्य शारीरिक परीक्षाओं के लिए कम से कम 2 से 3 महीने पहले से तैयारी शुरू कर दें।
- 10वीं से लेकर अभी तक के सभी आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखें और उनकी दो-दो फोटोकॉपी निकालें।
- दस्तावेजों में दी गई जानकारी को ध्यान से चेक करें, गलती होने पर उन्हें पहले ही सही करवाएं।
- अस्वीकृति से बचने के लिए मामूली बीमारियों को पहले ही इलाज करा लें।
- भर्ती से पहले योग्यता, और नियमों को अच्छे से पढ़ें ताकि बाद में परेशानी का सामना न करना पड़े।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Ex Agniveer CAPF Recruitment: पूर्व अग्निवीरों के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, CAPF में मिलेगा 50% आरक्षण और भर्ती में बड़ी छूट
रैली के बाद क्या करें?
- समय पर मेडिकल टेस्ट कराएं और रिपोर्ट करें।
- सीईई के लिए होने वाली लिखित परीक्षा की तैयारी करें।
- IVRS या अपने ARO के माध्यम से परिणाम की डेट चेक करें।
- चयनित होने पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ तय समय-सीमा के भीतर प्रशिक्षण केंद्र रिपोर्ट करें।
अग्निवीर रैली में शामिल हुए उम्मीदवार या फिर इसमें आगामी दिनों में शामिल होने वाले उम्मीदवार इन बातों का खास ध्यान रखें और इन गलतियों से बचें।
