एजुकेशन

ICAI Data Leak: आईसीएआई ने सोशल मीडिया पर डेटा लीक के दावे को बताया पूरी तरह फर्जी, अफवाह पर ध्यान न देने की छात्रों से अपील

ICAI Data Leak: सोशल मीडिया पर आईसीएआई के डेटा लीक को लेकर किए जा रहे दावों पर ICAI ने सामने आकर स्पष्टीकरण दिया है और इसे फर्जी बताते हुए छात्रों से अफवाहों पर भरोसा न करने की अपील की है।

Image

ICAI ने सोशल मीडिया पर डेटा लीक के दावे बताया पूरी तरह फर्जी (Photo - AI)

ICAI Data Leak: बीते कुछ दिनों से विभिन्न संस्थानों के डाटा लीक की खबरों के बाद अब इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया के डेटा लीक और डेटाबेस के हैक होने की खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस पर ICAI ने कड़ा रुख अपनाते हुए संस्थान ने स्पष्ट किया है कि उसके सदस्यों, छात्रों और परीक्षा से जुड़े किसी भी रिकॉर्ड में कोई सेंध नहीं लगी है। संस्थान के अनुसार, सोशल मीडिया पर किए जा रहे ये सभी दावे पूरी तरह से झूठे, निराधार, जिनका सच्चाई से कोई वास्ता नहीं है।

सोशल मीडिया पर फर्जी दावों से बढ़ी चिंता?

हाल ही में विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक कथित नोटिस और संदेश तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें दावा किया गया था कि आईसीएआई के छात्रों और सदस्यों की निजी वित्तीय व अन्य जानकारियां तथा परीक्षा संबंधी महत्वपूर्ण डेटा लीक हो चुका है। इस भ्रामक जानकारी के इंटरनेट पर फैलते ही चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, सीए की तैयारी कर रहे छात्रों और अन्य लोगों बीच अचानक भ्रम और गहरी चिंता का माहौल बन गया था, जिसके बाद संस्थान ने तुरंत सामने आकर स्थिति पर सफाई दी।

डेटा लीक पर आईसीएआई का स्पष्टीकरण

बढ़ते भ्रम को दूर करने के लिए आईसीएआई ने एक आधिकारिक तौर पर एक नोटिस जारी किया और हर पहलू पर स्थिति स्पष्ट की। संस्थान ने कहा कि सदस्यों का सारा रिकॉर्ड पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि छात्रों के पर्सनल डेटा में किसी भी तरह की कोई सेंधमारी नहीं हुई है। परीक्षा से जुड़ा हुआ कोई भी गोपनीय डेटा या रिकॉर्ड लीक नहीं हुआ है। संस्थान ने देश भर के लोगों को भरोसा दिलाया है कि उसके पास डेटा सुरक्षा के लिए बेहद मजबूत, आधुनिक और विश्वसनीय तकनीकी व्यवस्था मौजूद है। सभी सदस्यों और छात्रों की सूचनाओं की गोपनीयता और सुरक्षा बनाए रखना हमेशा से संस्थान की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है।

अफवाहों से बचने की छात्रों को सलाह

सोशल मीडिया पर उठ रही अफवाहों को देखते हुए आईसीएआई ने अपने सभी छात्रों, सदस्यों और शेयरधारकों से विशेष अपील की है। संस्थान ने कहा है कि वे सोशल मीडिया पर चल रहे किसी भी तरह के भ्रामक प्रचार, वीडियो या फर्जी दावों पर बिल्कुल भी भरोसा न करें। किसी भी तरह की नई घोषणा, परीक्षा संबंधी सूचना या स्पष्टीकरण के लिए केवल आईसीएआई की आधिकारिक वेबसाइट पर भरोसा करें।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article