Self Defence Camp for Woman: राजधानी दिल्ली में महिलाओं की सेफ्टी और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने के लिए दिल्ली पुलिस ने 22वें समर कैंप 2026 की शुरुआत कर दी है। इस कैंप के तहत लड़कियों और महिलाओं को सेल्फ डिफेंस ट्रेनिंग दी जाएगी, ताकि वे किसी भी स्थिति में खुद की सुरक्षा कर सकें और फिर सही तरीके से प्रतिक्रिया दे सकें। इस कमर कैंप में स्कूल और कॉलेज की छात्राओं से लेकर कामकाजी महिलाएं और गृहणियां तक हिस्सा ले सकती हैं। 29 मई से ये ट्रेनिंग शुरू होगी और 11 जून 2026 तक चलेगी। इसमें संडे यानी रविवार को छुट्टी रहेगी। रोजाना सुबह 8 बजे से लेकर 10 बजे तक ट्रेनिंग दी जाएगी।
कब से कब तक करा सकते हैं रजिस्ट्रेशन ?
इस कैंप की सबसे खास बात ये है कि इसमें रजिस्ट्रेशन को एकदम फ्री रखा गया है। इच्छुक प्रतिभागी 4 मई से लेकर 20 मई 2026 के बीच सुबह 10 बजे से लेकर शाम के 4 बजे (रविवार को छोड़कर) ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन करा सकती हैं। इसके अलावा ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे महिलाएं आसानी से घर बैठे रजिस्ट्रेशन करवा सकती हैं।
रजिस्ट्रेशन के लिए चार प्रमुख केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें मॉडल टाउन, पश्चिम विहार, द्वारका सेक्टर-2 और मयूर विहार फेज-2 के स्कूल शामिल हैं। यहां जाकर महिलाएं सीधे आवेदन कर सकती हैं। इसमें उन्हें किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना होगा।
क्या है इस कैंप का मकसद ?
इस कैंप की खास बात ये है कि इसमें सिर्फ शारीरिक प्रशिक्षण ही नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण पर नुक्कड़ नाटक और साइबर अवेयरनेस पर विशेष लेक्चर भी आयोजित किए जाएंगे। इससे महिलाओं को डिजिटल सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता की भी जानकारी मिलेगी। दिल्ली पुलिस का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा सिर्फ प्रतिक्रिया नहीं, बल्कि एक माइंडसेट है। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार करना है।
