एजुकेशन

Delhi Nursery School: आज जारी होगी दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों में नर्सरी में प्रवेश से जुड़ी पहली सूची

Delhi Nursery School News: दिल्ली के निजी स्कूल शुक्रवार को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नर्सरी में दाखिले के लिए चयनित अभ्यर्थियों की पहली सूची जारी करेंगे। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि इस सूची में लगभग 12 लाख बच्चों के नाम शामिल होने की संभावना है।

Image

दिल्ली नर्सरी स्कूल एडमिशन

Delhi Nursery School Admission: दिल्ली के निजी स्कूल शुक्रवार को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नर्सरी में दाखिले के लिए चयनित अभ्यर्थियों की पहली सूची जारी करेंगे। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि इस सूची में लगभग 12 लाख बच्चों के नाम शामिल होने की संभावना है। एक अधिकारी ने कहा, ‘‘शहर भर के 1741 निजी गैर-सहायता प्राप्त स्कूल पहली सूची जारी करेंगे, जिसमें प्रतीक्षा सूची के अभ्यर्थियों सहित लगभग 12 लाख अभ्यर्थियों के नाम होंगे।’’

शिक्षा विभाग द्वारा जारी संशोधित प्रवेश प्रारूप के तहत प्राथमिक स्तर में नर्सरी और किंडरगार्टन (केजी) शामिल हैं, जिसके बाद कक्षा-एक आती है।

शिक्षा निदेशालय ने बताया कि 2026-27 सत्र के लिए नर्सरी में दाखिले के लिए बच्चे की आयु 31 मार्च, 2026 तक कम से कम तीन वर्ष, केजी में दाखिले के लिए चार वर्ष और कक्षा एक में दाखिले के लिए पांच वर्ष होनी चाहिए।

किस स्थिति में मिलेगी दाखिले की आयु में छूट

विभाग ने कहा कि स्कूल प्रमुख के विवेकानुसार स्कूलों में दाखिले की आयु में एक महीने तक की छूट दी जा सकती है। प्रवेश कार्यक्रम के अनुसार, स्कूलों को आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस), वंचित समूह (डीजी) और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (सीडब्ल्यूएसएन) को छोड़कर, खुली सीटों के लिए प्रवेश मानदंड और अंक 28 नवंबर तक अपलोड करने थे। आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 27 दिसंबर थी।

स्कूलों ने आस-पड़ोस की निकटता से लेकर भाई-बहनों और पूर्व छात्रों तक, कई तरह के मानदंड तय किये। स्कूलों ने नौ जनवरी को सभी आवेदकों का विवरण अपलोड किया और 16 जनवरी तक अंक प्रणाली के तहत प्रत्येक बच्चे को आवंटित अंक जारी कर दिए।

अंकों के आवंटन के संबंध में स्पष्टीकरण 24 जनवरी से

शिक्षा विभाग के अनुसार, अभिभावक 24 जनवरी से तीन फरवरी के बीच अंकों के आवंटन के संबंध में स्पष्टीकरण प्राप्त कर सकते हैं। प्रवेश प्रक्रिया 19 मार्च को समाप्त होगी। अनुपालन सुनिश्चित करने और शिकायतों के निवारण के लिए जिला स्तरीय निगरानी प्रकोष्ठ का गठन किया गया है।

(भाषा इनपुट के साथ)

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article