Delhi Nursery Admission 2026: दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों ने नर्सरी प्रवेश 2026-27 की दूसरी मेरिट लिस्ट जारी कर दी है। प्रवेश के लिए आवेदन करने वाले बच्चों के अभिभावक दाखिले के लिए मेरिट लिस्ट चेक कर सकते हैं। बता दें कि राजधानी के 1700 से अधिक प्राइवेट स्कूलों ने प्रवेश के दूसरी मेरिट लिस्ट और वेटिंग लिस्ट अपलोड कर दी है। जारी इस लिस्ट से पता लग रहा है कि दिल्ली के कई स्कूलों में अंतिम मेरिट लिस्ट में भी जगह होगी।
जारी मेरिट लिस्ट में चयनित बच्चों के प्रवेश की प्रक्रिया आज यानी 10 फरवरी से शुरू हो गई है। बच्चों के अभिभावकों को प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने के लिए संबंधित स्कूल जाना होगा। इसके साथ ही बता दें कि प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की अंतिम तिथि 16 फरवरी 2026 है।
कब जारी होगी अंतिम मेरिट लिस्ट
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों में नर्सरी प्रवेश की अंतिम मेरिट लिस्ट 5 मार्च को जारी की जाएगी। यहां प्रवेश की अंतिम तिथि 19 मार्च 2026 तय की गई है। इसके बाद प्रवेश की प्रक्रिया समाप्त हो जाएगी।
नर्सरी कक्षा में प्रवेश के लिए बच्चों की आयु
2026-27 एकेडमिक ईयर में नर्सरी कक्षा में प्रवेश के लिए बच्चे की कम से कम आयु तीन वर्ष की होनी चाहिए। केजी कक्षा के लिए 4 वर्ष और पहली क्लास के लिए पांच वर्ष होनी चाहिए। अभिभावकों को आयु सीमा का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
क्या है प्रवेश प्रक्रिया?
बता दें कि प्रवेश अंक आधारित प्रणाली पर हो रहा है, जिसमें विद्यालय से बच्चे के निवास की दूरी, स्कूल में पढ़ने वाले भाई-बहन की सिफारिश और पूर्व छात्र होने की स्थिति में महत्व दिया जा रहा है। इसके साथ ही आवेदक की जानकारी स्कूल द्वारा अपलोड की जाती है और आवंटित अंक जारी किए जाते हैं, जिसके आधार पर प्रवेश की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। जानकारी के लिए बता दें कि प्रवेश के लिए होने वाली लॉटरी के माध्यम से चयन प्रक्रिया अभिभावकों के सामने और एक रिकॉर्डिंग वीडियो के साथ की जाती है।
