CUET UG New Exam Pattern: देश के केंद्रीय विश्वविद्यालयों से लेकर राज्य, डीम्ड और प्राइवेट यूनिवर्सिटीज में अंडरग्रेजुएट कोर्सेस के लिए होने वाली कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट अंडरग्रेजुएट (CUET UG) में अगले साल बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। शिक्षा मंत्रालय, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग और राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी की ओर से वन स्टूडेंट वन डे एग्जाम की तैयारी है। अभी प्रत्येक विषय के लिए परीक्षा 60 मिनट की होती है और 50 सवाल पूछे जाते हैं। जबकि नये नियम के तहत समय घटाकर 40 से 45 मिनट किया जा सकता है और सवालों की संख्या 35 से 40 की जा सकती है। इसका मुख्य उद्देश्य परीक्षा की प्रक्रिया को पहले से आसान और कम समय वाला बनाना है ताकि स्टूडेंट्स को कई दिनों तक एग्जाम सेंटर के चक्कर न काटना पड़े। प्रस्तावित व्यवस्था में वन स्टूडेंट वन डे एग्जाम नियम लागू करने की तैयारी है। यहां आप जान सकते हैं कि सीयूईटी यूजी एग्जाम पैटर्न में क्या बदलाव हो सकता है?
वन स्टूडेंट वन डे एग्जाम क्या है?
नये नियम के तहत वन स्टूडेंट वन डे एग्जाम पर विचार किया जा रहा है। इसके तहत छात्र के सभी चुने हुए विषयों की परीक्षा एक ही दिन कराने की योजना है। बता दें पूरी सीयूईटी कई दिनों में हो सकती है, लेकिन प्रत्येक छात्र को एक ही दिन का स्लॉट मिलेगा। इससे दूसरे शहर में परीक्षा देने वाले छात्रों का यात्रा और ठहरने का खर्च कम हो सकता है। साथ ही पेपर की अवधि 60 मिनट से घटाकर 40 से 45 मिनट की जा सकती है। इसके अलावा सवालों की संख्या भी पहले से कम की जा सकती है।
CUET UG सब्जेक्ट्स 5 से घटाकर 4
CUET-UG 2027 में छात्रों के लिए विषयों की अधिकतम संख्या 5 से घटाकर 4 करने के विकल्प पर चर्चा हो रही है। इसका उद्देश्य परीक्षा को कम समय में पूरा करना और छात्रों के लिए प्रक्रिया को आसान बनाना है। शिक्षा मंत्रालय, UGC और NTA इस बात पर विचार कर रहे हैं कि विश्वविद्यालयों की एडमिशन जरूरतों को बनाए रखते हुए परीक्षा को कैसे छोटा किया जाए। इसके लिए छात्रों की ओर से अक्सर साथ चुने जाने वाले विषयों के आधार पर विषयों के ग्रुप बनाए जा सकते हैं, ताकि परीक्षा का शेड्यूल बेहतर तरीके से तैयार किया जा सके और छात्रों को बार-बार परीक्षा केंद्र न जाना पड़े।
सीयूईटी यूजी वर्तमान एग्जाम पैटर्न
सीयूईटी यूजी के वर्तमान एग्जाम पैटर्न की बात करें तो यह परीक्षा सीबीटी मोड में आयिजित की जाती है। यहां बहुवैकल्पीय प्रश्न होते हैं। परीक्षा मुख्य रूप से तीन खंडों में विभाजित होती है। यहां सेक्शन 1 में 50 प्रश्न होते हैं, सेक्शन 2 में डोमेन स्पेसिफिक सब्जेक्ट्स में 13 विषय और सेक्शन 3 में जनरल नॉलेज, रीजनिंग और क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड पर आधारित होता है। प्रत्येक सही उत्तर के लिए 5 मार्क्स दिए जाते हैं, जबकि प्रत्येक गलत उत्तर के -1 मार्क्स काटा जाता है।
