Chandrayaan 3 Landing: भारत अंतरिक्ष की दुनिया में सबसे बड़ा इतिहास रचने जा रहा है। देश के 140 करोड़ लोग और इसरो के लगभग 17 हजार कर्मचारियों को इस पल का बेसब्री से इंतजार है। चंद्रयान 3 कल यानी 23 अगस्त की शाम 5:30 बजे से 6:30 बजे के बीच चांद के दक्षिणी ध्रूव पर लैंड (Chandrayaan 3 Landing Date) करेगा। चंद्रयान 3 के चंद्रमा पर उतरने की प्रक्रिया का लाइव प्रसारण (Chandrayaan 3 Live Telecast) यूट्यूब और डीडी नेशनल पर किया जाएगा।
स्कूल और कॉलेज में दिखाया जाएगा सीधा प्रसारण
देश के करोड़ों लोगों की निगाहें इसरों के चंद्रयान 3 मिशन (Chandrayaan 3 Mission) पर टिकी हुई हैं। इस अवसर पर विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ने उच्च शिक्षा संस्थानों को 23 अगस्त को चंद्रयान 3 की लैंडिंग का लाइव प्रसारण दिखाने के लिए कहा है। वहीं, उत्तर प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में भी लाइव प्रसारण किए जाने का निर्देश दिया गया है। भारत के चंद्रयान-3 की लैंडिंग एक यादगार अवसर है। यह न केवल जिज्ञासा को बढ़ावा देगा बल्कि युवाओं के मन में गर्व और एकता की गहरी भावना भी पैदा करेगा।
कल होगी चंद्रयान 3 की सॉफ्ट लैंडिंग
इसरो ने आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा से 14 जुलाई 2023 को दोपहर 2:35 बजे चंद्रयान 3 की लॉन्चिंग की थी। वहीं, चंद्रयान 3 लैंडर कल यानी 23 अगस्त की शाम 5 बजकर 45 मिनट पर चांद पर उतरना शुरू करेगा और शाम 6 बजकर 4 मिनट पर उसके चांद पर सॉफ्ट लैंडिंग की संभावना है। हालांकि, अगर कल लैंडिंग के लिए सही जगह नहीं मिली तो 27 अगस्त को दोबारा प्रयास किया जाएगा।
यहां देखें लाइव प्रसारण
चंद्रयान-3 की लैंडिंग का लाइव प्रसारण 23 अगस्त 2023 की शाम 5 बजकर 27 मिनट से शुरू होगा। चंद्रयान-3 लैंडिंग का लाइव प्रसारण ISRO की वेबसाइट isro.gov.in और यूट्यूब के आलावा फेसबुक (https://facebook.com/ISRO) या फिर डीडी नेशनल टीवी चैनल पर देखा जा सकता है।
