CBSE Date Sheet 2023 Fake Website Notice: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी सीबीएसई ने बोर्ड की फर्जी वेबसाइट के खिलाफ नोटिस जारी किया है। cbsegovt.com एड्रेस वाली फर्जी वेबसाइट छात्रों, स्कूलों और अभिभावकों से सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2023 के एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए पैसे मांग रही है। सीबीएसई की ओर से जारी आधिकारिक नोटिस के अनुसार, फर्जी वेबसाइट सीबीएसई कक्षा 10वीं और 12वीं 2023 परीक्षाओं के लिए प्रवेश पत्र यानी एडमिट कार्ड बनाने और डाउनलोड करने के लिए पैसे जमा करने के मैसेज भेजकर छात्रों, स्कूलों और अभिभावकों को स्पष्ट रूप से धोखा दे रही है।
सीबीएसई बोर्ड की ओर से छात्रों और अन्य हितधारकों से बेहद सावधान रहने और ऐसे किसी भी फर्जी मैसेज, वेबसाइट का जवाब नहीं देने को कहा गया है। सीबीएसई ने आगे स्पष्ट किया है कि वह कक्षा 10वीं, 12वीं बोर्ड परीक्षा या किसी अन्य परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र डाउनलोड करने को लेकर किसी भी छात्र या माता-पिता से सीधे कोई फीस नहीं ली जाती है।
इससे पहले दिन में, पीआईबी ने भी फर्जी वेबसाइट का पता लगाया था, जो कथित तौर पर सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2023 के उम्मीदवारों से रजिस्ट्रेशन फीस की मांग कर रही थी। सरकारी एजेंसी ने यह भी सूचित किया था कि आगामी सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं (2023) के लिए एक कथित डेट शीट सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही है जो कि फर्जी है।
इस संबंध में उम्मीदवारों और अन्य लोगों को इस बात की सलाह दी जाती है कि किसी भी परीक्षा या अन्य जानकारी पर लेटेस्ट अपडेट के लिए सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in को ही चेक करें।
