CBSE यानी केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड परीक्षा 2023 एलओसी डेटा करेक्शन विंडो खोलेगा। करेक्शन विंडो 30 नवंबर को खुलेगी और 6 दिसंबर, 2022 को बंद होगी। उम्मीदवार सीबीएसई की आधिकारिक साइट cbse.gov.in पर आधिकारिक नोटिस देख सकते हैं। स्कूल केवल स्कूल रिकॉर्ड के आधार पर छात्रों के डेटा में ऑनलाइन सुधार कर सकते हैं।
कक्षा 10 के लिए गणित, हिंदी, उर्दू, अंग्रेजी, संस्कृत में सुधार किया जा सकता है। परीक्षा के समय एलओसी में जमा किए गए विषय को बदलने और अन्य विषय के प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने के अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा।
आधिकारिक नोटिस के अनुसार, इसके बाद किसी भी सुधार के लिए कोई अनुरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा और अंतिम रूप दिए गए डेटा का उपयोग प्रवेश पत्र जारी करने, परीक्षा आयोजित करने और पासिंग डॉक्यूमेंट प्रदान करने के लिए कियाजाएगा। साथ ही, उम्मीदवार के नाम में पूर्ण परिवर्तन यानी पूरी तरह बदलने की अनुमति नहीं दी जाएगी। केवल सुधार की अनुमति होगी।
बोर्ड ने आगे स्कूलों को बदलाव करने और अपने रिकॉर्ड के लिए सुधार का प्रिंट आउट लेने और इसे सुरक्षित रखने के लिए कहा गया है। इस बारे में ज्यादा संबंधित विवरण सीबीएसई की आधिकारिक साइट पर उम्मीदवारों की ओर से चेक किए जा सकते हैं।
गौरतलब है कि सीबीएसई की बोर्ड परीक्षा को लेकर बोर्ड की ओर से तैयारी जोरों पर चल रही है और उम्मीदवार इसके लिए लगातार सक्रिय हैं। जल्द ही सीबीएसई बोर्ड की ओर से डेटशीट रिलीज किए जाने की भी पूरी संभावना जताई जा रही है और साथ ही परीक्षा को लेकर अन्य अपडेट भी जारी किए जा सकते हैं। ज्यादा जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट को चेक करते रहें।
