देश

'बाहुबली की तरह व्यवहार करना बंद करें', बिहार के जज पर सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी

Supreme Court News: सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के एक सेशन जज द्वारा एक पुलिस अधिकारी को अदालत की अवमानना का दोषी ठहराने के फैसले पर कड़ी नाराजगी जताई है।

Image

सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के एक जज पर की सख्त टिप्पणी (फोटो- PTI)

Supreme Court News: सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के एक सेशन जज के कानूनी दृष्टिकोण पर कड़ी नाराजगी जताई है। इस जज ने अपने निर्देश पर FIR दर्ज नहीं करने वाले एक पुलिस अधिकारी को अदालत की अवमानना मानते हुए दोषी ठहराया था और उस पर जुर्माना भी लगाया था। CJI सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने जज की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि कानून की उनकी समझ बेहद हैरान करने वाली है।

कोर्ट ने क्या कहा?

सुनवाई के दौरान जस्टिस जॉयमाल्य बागची ने कहा, “हमें कानून के उल्लंघन या अदालत के सामने किए गए अपराध को लेकर आपकी समझ पर वास्तव में आश्चर्य है। आपको पहले BNSS की धारा 384 और CrPC की धारा 345 के दायरे और उद्देश्य को समझना चाहिए।”

जस्टिस बागची ने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर कोई व्यक्ति अदालत कक्ष में किसी को थप्पड़ मारता है, अदालत को गाली देता है या कोर्ट के निर्देश के बावजूद अदालत कक्ष छोड़ने से इनकार करता है, तो इसे अदालत के सामने किया गया अपराध माना जा सकता है। लेकिन अगर अदालत किसी व्यक्ति को FIR दर्ज करने का निर्देश देती है और वह ऐसा नहीं करता, तो इसे अदालत के सामने किया गया अपराध नहीं कहा जा सकता।

अधिकारक्षेत्र पर उठाए सवाल

सुप्रीम कोर्ट ने जज की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या उनके पास जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक को तलब करने, उनके पेश नहीं होने को अदालत के सामने अपराध मानने और उसी दिन उन्हें दोषी ठहराकर सजा सुनाने का अधिकार क्षेत्र था? जस्टिस बागची ने जज के रवैये पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जिस आक्रामक तरीके से उन्होंने कार्रवाई की, वह बेहद चिंताजनक है। कोर्ट ने जज के वकील से कहा कि उन्हें सलाह दें कि वे 'बाहुबली' की तरह व्यवहार करना बंद करें।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article