Bihar Board 2027 Registration: बिहार बोर्ड द्वारा आयोजित होने वाली 10वीं और 12वीं की वार्षिक परीक्षा 2027 में शामिल होने वाले छात्रों के लिए जरूरी खबर है। बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड (BSEB) ने मैट्रिक और इंटर परीक्षा के ऑनलाइन फॉर्म भरने की आखिरी तारीख आगे बढ़ा दी है। अब स्कूल और कॉलेज के प्रमुख 30 सितंबर 2026 तक छात्रों के परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं और निर्धारित परीक्षा शुल्क भी जमा कर सकते हैं। पहले परीक्षा फॉर्म भरने और फीस जमा करने की आखिरी तारीख आज 17 सितंबर थी, लेकिन बोर्ड ने इसे 30 सितंबर तक के लिए बढ़ा दिया है।
यह फैसला उन छात्रों के लिए राहतभरा होगा, जिनका परीक्षा फॉर्म किसी वजह से तय समय में पूरा नहीं हो पाया था। इस दौरान स्कूल प्रमुखों को तय समय सीमा के अंदर छात्रों की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: UP Board 2027: कक्षा 9वीं और 11वीं के एडवांस रजिस्ट्रेशन की तारीख बढ़ी, जानें नया शेड्यूल
10वीं और 12वीं के फॉर्म अलग वेबसाइट से भरेंगे
बिहार बोर्ड से जुड़े संस्थानों के प्रमुखों को छात्रों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन संबंधित वेबसाइट के माध्यम से करना होगा। बिहार बोर्ड 12वीं की वार्षिक परीक्षा 2027 में शामिल होने वाले छात्रों के लिए आवेदन intermediate.biharboardonline.com के जरिए किया जाएगा। वहीं, बिहार बोर्ड 10वीं की वार्षिक परीक्षा 2027 के लिए छात्रों के परीक्षा फॉर्म exam.biharboardonline.org के माध्यम से भरे जाएंगे।
ऑफलाइन होगी बिहार बोर्ड परीक्षा
शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए BSEB 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं ऑफलाइन माध्यम से आयोजित करेगा। परीक्षा पेन-पेपर मोड में राज्य के अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर कराई जाएगी। हालांकि, बोर्ड ने अभी दोनों कक्षाओं की डिटेल में डेटशीट जारी नहीं की है। बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों को अपने स्कूल से परीक्षा फॉर्म और फीस से जुड़ी जानकारी के लिए संपर्क मेंं रहना चाहिए। साथ ही परीक्षा का शेड्यूल, एडमिट कार्ड और अन्य जरूरी अपडेट के लिए बिहार बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट देखते रहें।
