एजुकेशन

BPSSC SI Exam 2026: बिहार में सब इंस्‍पेक्‍टर की मुख्‍य परीक्षा रद्द, 1799 पदों पर भर्ती के लिए दोबारा होंगे एग्जाम

BPSSC SI Exam 2026: बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) ने सब-इंस्पेक्टर भर्ती की मुख्य लिखित परीक्षा रद्द कर दी है। आयोग ने 23 सितंबर 2026 को अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर नोटिस जारी कर इसकी जानकारी दी है।

Image

बिहार दरोगा भर्ती की मुख्य परीक्षा रद्द, नई तारीख का होगा ऐलान (Image - AI Generated/Newsroom Verified)

BPSSC SI Mains Exam 2026 Cancelled: बिहार में दारोगा बनने की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए अहम खबर है। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) ने सब-इंस्पेक्टर भर्ती की मुख्य लिखित परीक्षा रद्द कर दी है। इसके पीछे अपरिहार्य कारणों का हवाला दिया है। आयोग ने आज 23 सितंबर 2026 को अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर नोटिस जारी कर इसकी जानकारी दी है। ऐसे में मुख्य परीक्षा में शामिल होने वाले हजारों उम्मीदवारों को अब नई परीक्षा तारीख का इंतजार करना होगा।

BPSSC की ओर से दारोगा भर्ती की मुख्य लिखित परीक्षा का आयोजन 27 मई 2026 को किया गया था। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई थी। आयोग के नए नोटिस में बताया गया है कि अब इसे रद्द किया जा रहा है। नोटिस में परीक्षा रद्द करने की कोई डिटेल में वजह नहीं बताई गई है।

दोबारा होगी परीक्षा?

आयोग ने साफ किया है कि रद्द की गई परीक्षा दोबारा कराई जाएगी। नई परीक्षा की तारीख और इससे जुड़ी दूसरी जानकारी बाद में अलग नोटिस के जरिए जारी की जाएगी। उम्मीदवारों को सलाह है कि वे किसी भी अपडेट के लिए BPSSC की आधिकारिक वेबसाइट bpssc.bihar.gov.in पर नजर बनाए रखें।

कुल कितने पदों पर होगी भर्ती

इस भर्ती अभियान के तहत बिहार पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के कुल 1,799 पद भरे जाने हैं। इनमें 850 पद अनारक्षित वर्ग के लिए हैं। इसके अलावा EBC के 298, BC के 222, SC के 180, ST के 63 और EWS के 42 पद शामिल हैं। पिछड़ा वर्ग की महिलाओं के लिए 36 और स्वतंत्रता सेनानी कोटे के तहत 8 पद रखे गए हैं।

चयन प्रक्रिया क्या रहेगी?

दारोगा भर्ती में योग्य उम्मीदवारों के चयन के लिए कई चरण होंगे। सबसे पहले लिखित परीक्षा होगी, इसमें सफल अभ्यर्थियों को फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट और फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद मेडिकल जांच होगी। सभी चरण पूरे होने के बाद मेरिट के आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article