Bihar CM Samrat Chaudhary's Major Announcement for NEET Aspirants : NEET परीक्षा 2026 को लेकर बिहार सरकार ने परीक्षार्थियों के लिए बड़ी राहत का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि NEET परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों के लिए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की सरकारी बसों में यात्रा पूरी तरह निःशुल्क रहेगी। सरकार के इस फैसले का उद्देश्य दूर-दराज़ इलाकों से आने वाले छात्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में सुविधा देना है।
हर साल बिहार से बड़ी संख्या में छात्र NEET परीक्षा में शामिल होते हैं। कई परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। ऐसे में राज्य सरकार की यह पहल छात्रों के लिए राहतभरी खबर बनकर सामने आई है। आगामी 21 जून को नीट यूजी की परीक्षा देशभर में आयोजित की जाएगी। इसे लेकर शिक्षा मंत्रालय और एनटीए तैयारी में लगा है।
कैसे मिलेगी सुविधा
सरकार का मानना है कि कई छात्र आर्थिक और परिवहन संबंधी समस्याओं के कारण परीक्षा के दिन परेशानियों का सामना करते हैं। ऐसे में मुफ्त बस सेवा से लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों को राहत मिलेगी। अभ्यर्थी अपने एडमिट कार्ड दिखाकर राज्य की सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। सम्राट चौधरी के इस कदम की सराहना हो रही है। एक यूजर ने ट्वीट के जवाब में लिखा कि परीक्षा के दौरान छात्रों को तनावमुक्त माहौल देना बेहद जरूरी होता है। मुफ्त परिवहन और सामाजिक सहयोग जैसी व्यवस्थाएं छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद करती हैं।
इसके साथ ही बिहार सरकार ने जिला प्रशासन, राज्य के मठ-मंदिरों और सामाजिक संगठनों से भी सहयोग की अपील की है। सरकार ने कहा है कि बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य प्रमुख स्थानों पर परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों के लिए पेयजल, सत्तू, छाया और बैठने जैसी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की जाए। गर्मी के मौसम को देखते हुए यह पहल छात्रों के लिए काफी मददगार मानी जा रही है।
