Bihar Board 12th State Topper 2024 Story: बिहार स्कूल एग्जाम बोर्ड (BSEB) की तरफ से कक्षा 12वीं का रिजल्ट जारी हो गया है। इस साल 12वीं में कुल 87.21 फीसदी छात्र पास हुए हैं। बिहार बोर्ड की तरफ से तीनों स्ट्रीम का रिजल्ट एक साथ जारी हुआ है। रिजल्ट के साथ ही टॉपर्स की लिस्ट भी जारी हुई है। इस साल पूरे प्रदेश में पटना के रहने वाले तुषार कुमार ने टॉप किया है।
बिहार स्कूल एग्जाम बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोन ने आज यानी 23 मार्च 2024 को दोपहर 1:30 बजे 12वीं का रिजल्ट जारी किया है। रिजल्ट के साथ-साथ टापर्स के नाम की भी घोषणा हुई। इसमें सबसे पहले पटना के रहने वाले तुषार का नाम लिया गया। तुषार कुमार ने 500 में से 482 नंबर लाकर रैंक 1 हासिल किया है। आइए उनकी सफलता के सफर पर एक नजर डालते हैं।
पटना के रहने वाले तुषार
तुषार कुमार बिहार की राजधानी पटना के रहने वाले हैं। तुषार कॉलेज ऑफ कॉमर्स, आर्ट एंड साइंस पटना के छात्र हैं। उनके पिता ब्लॉक दीनू कुमार मनेर ब्लॉक में कार्यरत हैं, जबकि मां रेखा देवी हाउसवाइफ है। तुषार का एक छोटा भाई भी है जो अभी 10वीं में है।
Times Now Navbharat के साथ खास बातचीत के दौरान तुषार ने बताया कि उन्हें बिहार टॉपर बनने की उम्मीद बिल्कुल भी नहीं थी, लेकिन यह इस बात का यकीन था कि उन्होंने जो परीक्षा दी है इनका रिजल्ट अच्छा होगा। तुषार आगे सिविल सर्विस की तैयारी में लगना चाहते हैं। उनका सपना आईएएस ऑफिसर बनने का है।
500 में से 482 अंक
तुषार कुमार ने 12वीं की परीक्षा आर्ट्स स्ट्रीम से दी है। उनको बिहार बोर्ड 12वीं में 500 में से 482 अंक प्राप्त हुआ है। उनका रिजल्ट 96.40 प्रतिशत रहा है। आर्ट्स स्ट्रीम में तुषार के बाद उन्ही के स्कूल की निशी सिन्हा का नाम है। निशी को 12वीं में कुल 473 अंक प्राप्त हुए हैं।
