AKTU Admissions 2026: डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) में एकेडमिक ईयर 2026-27 में बीटेक, एमटेक, बी. आर्ट, बीबीए, बीएमएस, बी फार्मा, बीसीए समेत विभिन्न कोर्स में दाखिले के लिए नोटिफिकेशन जारी किया गया है। बता दें कि इन कोर्स में प्रवेश उत्तर प्रदेश टेक्निकल एडमिशन काउंसिल (UP TAC) के माध्यम से किया जाएगा। बता दें कि इसके लिए आवेदन प्रक्रिया समर्थ पोर्टल के माध्यम से पूरी की जाएगी। समर्थ पोर्टल के जरिए रजिस्ट्रेशन की जानकारी कुलपति प्रो. जेपी पांडेय द्वारा दी गई है।
कब से शुरू होगी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया
प्राप्त जानकारी के अनुसार, समर्थ पोर्टल uptac.samarth.edu.in से आवेदन की प्रक्रिया इसी सप्ताह से शुरू हो जाएगी। बताया जा रहा है कि उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन के लिए 1 हजार रुपये के शुल्क का भुगतान करना होगा। उसके बाद ही प्रवेश की प्रक्रिया में हिस्सा ले सकते हैं।
ऑनलाइन होगी पूरी प्रक्रिया
वेबसाइट पर जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, रजिस्ट्रेशन और काउंसलिंग दोनों की प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन होने वाली है। आवेदन प्रक्रिया पूरी करने से पहले छात्रों को सलाह दी गई है कि नोटिफिकेशन को ध्यान से पढ़ें ताकि उन्हें किसी बात की परेशानी का सामना न करना पड़े।
चार चरण में पूरी होगी काउंसलिंग प्रक्रिया
जानकारी के अनुसार, बीटेक की सभी शाखाओं में जेईई मेन 2026 की मेरिट के आधार पर ही प्रवेश पूरा किया जाएगा। इसके लिए काउंसलिंग प्रक्रिया चार चरणों में पूरी की जाएगी। उसके बाद बची सीटों पर सीयूईटी यूजी और इंटरमीडिएट वालों को मौका दिया जाएगा। वहीं बी. आर्क वाले छात्रों को नेशनल एप्टीट्यूड टेस्ट इन आर्किटेक्चर 2025, 2026 और फिर जेईई मेंस की मेरिट के आधार पर दाखिला दिया जाएगा। अन्य कोर्स जैसे, बी.फार्म, फार्म डी, बीएचएमसीटी, बीएफएडी, बीएफए, एमबीए, एमएससी, बीबीए, बीसीए और अन्य कोर्स में दाखिले के लिए सीयूईटी यूजी के अंकों के आधार पर होगा।
